सोमवार, 30 जून 2014

फिल्म समीक्षा



प्रेम, प्रताड़ना, प्रतिशोध व प्रतिघात: अर्थात एक विलेन 
                                                                                         
                                                                                                 - अंकित झा 

एक दुसरे से जुडी 2 कहानियाँ, परन्तु कहीं भी मेल नहीं खाती. एक प्रेम कहानी में दुनिया की भीड़ से जुदा एक गुनाहगार, जिसे बददुआयें किसी सौगात की तरह मिलती है, उसी प्रेम कहानी में एक लड़की है जो दुनिया के हर घटना में एक ख़ुशी देखती है. एक डायरी है, जिसमे उस लड़की ने अपनी इच्छाएं छुपा रखी हैं, उसके सपनें, उसके कुछ अरमान, उसकी अभिलाषाएं. वहीँ अपनी सारी इच्छाओं को वो लड़का अपने पिता समान अपने मालिक को समर्पित कर चूका है, मौत के खौफ़ से परे उसकी ज़िन्दगी जिसका कण-कण वो उस माफ़िया को अर्पित कर चुका है. अपने ज़िन्दगी से जिसे किसी तरह के ऋण की अपेक्षा नहीं है,  स्वयं को मृत समझने वाला वो अपराधी, जो एक असुर की तरह शहर के लोगों का संहार करता है अपने मालिक के सिर्फ एक इशहरे पर. इस अपराधी की मुलाकात उस लड़की से होती है, दो विपरीत जिंदगियां, दो विपरीत संस्कार, ज़िन्दगी के प्रति दो विपरीत नज़रिया एक दुसरे से मिलते हैं, कितना सुखद व कितना अद्भुत रहा होगा वो समय जब आयशा व गुरु की मुलाकात हुई होगी. न जाने कैसे परन्तु जब भी कभी दो विपरीत शक्तियां आपस में मिलती है तो स्वतः ही आकर्षण पैदा होता है, इस आकर्षण में प्रेम था. कहानी का आधार ही गुरु की हैवानियत तथा आयशा की मासूमियत है. वो सभी के ज़िन्दगी में खुशियाँ भर देना चाहती है, वो खुशियों की परवाह किये बिना, ज़िन्दगी छीन लेता है. अच्छाई सदा से ही बुराई से उत्तम रहा है, और आयशा की अच्छे गुरु के बुराई को मार दे देती है. अपने अधूरेपन को गुरु आयशा की इच्छाओं से पूरा करने लगता है, ज़िन्दगी के प्रति आयशा के रवैये का वो मुरीद हो जाता है, और उसे अपना दिल हार बैठता है. आयशा की इच्छाएं जिसे वो अपने किसी बीमारी के कारण मृत्यु से पूर्व पूरा कर लेना चाहती है, जैसे- पहली बरसात में मोर को नाचते देखना, तितली पकड़ना, किसी की ज़िन्दगी बचाना इत्यादि. ये सभी सपने हमें ज़िन्दगी के प्रति हमारे सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाती है. और कहीं न कहीं हृषिकेश मुख़र्जी की अमर महाकाव्य "आनंद" की याद भी दिलाता है, जिसमें एक गीत के बोल हैं, 'ज़िन्दगी कैसी है पहेली हाय, कभी ये हसाए कभी ये रुलाये'. परन्तु इस वर्ष का ये आनंद जब गोवा से मुंबई पहुँचता है तो हमें दूसरी कहानी मिलती है.

 एक शादीशुदा जोड़ा, उनका एक बेटा, एक छोटी सी दुनिया. उस दुनिया में प्रेम नहीं है, अभिलाषाएं पूर्ण ना हो पाने की उच्चाहट है, अभाव में ज़िन्दगी व्यतीत करने की आदत. पति सरकारी विभाग का एक आम सा कर्मचारी, पूर्णतः उपेक्षित. कार्यालय में अपने बॉस द्वारा, कार्यस्थलों पर घरके मालकिनों द्वारा, शहर की लड़कियों द्वारा, घर में अपनी पत्नी द्वारा, हर ओर से उपेक्षित. सभी द्वारा उसे स्वयं के प्रति शिकायत ही सुनने कोमिलती है, जवाब में कुछ नहीं है, सीधापन कहे या बेव्कोऊफी परन्तु वो जवाब नहीं देता है, बस फिर शिकायत का मौका न मिलने का आश्वासन देता है. घर में उसकी पत्नी उसे उलाहना देती है, कोसती है, अपने अभाव में जीवन यापन का दोष उस के सर मढती है, यहाँ तक की उसे मारती भी है. वो सबकुछ सहता है, क्योंकि अपने पत्नी से वो प्रेम करता है, अगाध प्रेम. इतना कि मन में सिर्फ एक स्वपन लिए है, किसी दिन तो उसकी पत्नी उससे अपने प्रेम का इज़हार करेगी. मन ही मन घुटता हुआ वो अपने अन्दर एक शैतान को पैदा कर लेता है. उस शैतान से वो उन औरतों को मारता है, जो भी उससे शिकायत करती हैं, उससे दुर्व्यवहार करता है. आँखों में भोलापन, वाणी में भोलापन परन्तु कर्मों में वो खूंखार हो जाता है, कोई दयाभाव नहीं. ये प्रतिघात की तरह प्रतीत होता है, समाज द्वारा उसके ऊपर किये गये प्रताड़ना का प्रतिकार. इसी क्रम में एक दिन आयशा, उस शैतान से शिकायत कर बैठती है, बस फिर क्या था? अपने अन्दर के शैतान को जगा कर वो सीधासाधा सरकारी कर्मचारी आयशा के घर पहुँच जाता है. आँखों में वही खौफ, हाथ में वही हथियार, तन पे वही काली पोशाक, और मन में वही उद्वेग. आयशा प्रलाप करती रह गयी, अपने गर्भवती होने की दुहाई देती रही, परन्तु उस दुष्ट का ह्रदय नहीं पसीजा और कभी उड़ने का ख्वाब देखने वाली आयशा को उसके ही घर से धक्का दे के सदा के लिए संसार में उड़ने को मुक्त कर दिया. 

यहाँ से आरम्भ होता है, प्रतिशोध की कथा. गुरु का प्रतिशोध अपने पत्नी के हत्यारे से. वो हत्यारा जो शहर की औरतों का शत्रु बन बैठा है. जिस किसी ने उसके प्रति उपेक्षा का भाव प्रदर्शित किया, उसके लिए वो सजा तय कर देता है. फिर क्या होगा जब दो दुष्ट एक दुसरे मिलेंगे? उस समय वातावरण का रंग क्या होगा जब चंडाल से मनुष्य बन चूका गुरु अपनी ज़िन्दगी की वजह के मौत का बदला लेगा? बस यही कहानी है फिल्म एक विलेन की. यह एक अद्भुत फिल्म है, यहाँ पर भावनाओं की इतनी तीव्रता है की समाज में रिश्तों व मानवीय करुना का पुनर्सत्यापन संभव सा लगता है. सामाजिक कटुता पर एक दुर्गम सा कटाक्ष है, वर्ग संघर्ष के प्रति विद्रोह है. यह मानवीय भावनाओं का एक महाकाव्य है. हालाँकि सिनेमा के हिसाब से इसमें कई कमियां हैं, हर फिल्म में होती है. कथा छोटी तथा इंटरवल के बाद पटकथा थोड़ी बिखरी हुई लगती है. मानव मन की पीड़ा को विद्रोह का रूप दिया गया है, वहीं अभाव को स्वभाव का. घरेलु हिंसा को वर्ग संघर्ष से जोड़ने की कोशिश की गयी है, वहीं प्रेम व ज़िन्दगी के विराट स्वरुप को प्रदर्शित किया गया है. संगीत फिल्म की जान है, हर गाना कर्णप्रिय है. गीतों के बोल से लेकर संगीत मधुर है. मोहित सूरी का निर्देशन भी अच्छा है, वो एक प्रेम कहानी तथा थ्रिलर को खूबसूरती से रचते हैं, फिल्म के हर दृश्य को वो एक स्वपन की तरह उतारते हैं. एक आम से लगने वाले अंत को वो शानदार अभिनय की सहायता से अद्भुत बनाते हैं. परन्तु फिल्म का संतोषजनक नहीं है, कुछ अधूरा सा प्रतीत होता है. फिल्म में छायांकन व ध्वनि निर्देशन का महत्वपूर्ण स्थान है, फिल्म के कुछ दृश्य ज़ेहन में खौफ पैदा करने में सफल होते हैं. आयशा की मृत्यु तथा अस्पताल में नर्स पर हमले का दृश्य खूबसूरती से रचा गया है. एक विलेन को देखने लायक यदि कुछ बनता है तो वो है, फिल्म के कलाकारों का शानदार अभिनय. सिद्धार्थ मल्होत्रा अपने तीसरे फिल्म में सहज नज़र आते हैं, पिच्च्ले दो फिल्मों में रोमांटिक अभने करने के पश्चात वो इस फिल्म में संजीदा अभिनय करते हैं, तथा अपने आप को ठीकठाक प्रस्तुत करते हैं, कुछ दृश्यों में हालांकि वो पीछे छूटते दिखते हैं. अपने संवाद बोलने पर उन्हें काम करने की आवश्यकता है, अथवा वो फिल्म में शानदार अभिनय करते हैं. श्रद्धा कपूर की मासूमियत फिल्म को साँसें देती है, उनका भोलापन तथा अभिनय किसी कवि के शानदार रचना की तरह लगता है. उनके संवादों को ख़ूबसूरती से व्यक्त करती हैं तथा उनके भाव आँखों को ख़ुशी देती है. रितेश की पत्नी की भूमिका में आमना शरीफ ठीक हैं, परन्तु उन्हें ज्यादा कुछ करने को दिया नहीं गया, हालाँकि उन्होंने कहानी के प्रवाह को ख़ूबसूरती से आगे बढ़ाया है. लेकिन यह फिल्म समर्पित है भारतीय सिनेमा के उन सभी खलनायकों को जिन्होंने नकारात्मक शक्ति को फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा बना दिया. और हमें मिलता है एक और खलनायक. रितेश देशमुख, पत्नी से प्रताड़ित पति की भूमिका हो या कार्यालय में अपने बॉस से डांट खाता कर्मचारी या फिर औरतों को बेरहमी से मारता एक दुष्ट. इन तीनों भूमिकाओं को रितेश ने अमर कर दिया है. अपने करियर में उन्होंने बहुत कम संजीदा भूमिकाएं निभाई हैं, जिसमें रण में वो काफी सहज दिखे थे. एक विलेन में उन्होंने अपने सम्पूर्ण को झोंक दिया, अपने सर्वश्रेष्ठ को प्रस्तुत किया. एक विलेन को रितेश ने अपने फिल्म के रूप में जिया. एक विलेन रितेश के अभिनय को समर्पित है, उनकी आँखें सदा से ही खूबसूरत रही हैं, और इस बार तो वो गरज गरज कर बरसी हैं. 

मूलकथा की कुछ कमियों को छोड़ दिया जाए तो ये फिल्म देखने लायक है, जितनी बार देख सकें उतनी बार. संवाद थोड़े बनावटी प्रतीत होते हैं, परन्तु जब आँखें ही बात कर रही हों, तो होठों की तरफ कौन देखता है, अपनी आँखों को दिखाने जाइएगा, पसंद आएगा आपको. श्रद्धा व सिद्धार्थ की प्रेम कहानी, रितेश को मिलती प्रताड़नाएं, सिद्धार्थ का रितेश से प्रतिशोध तथा मानव का दुष्टता से प्रतिकार. रितेश का समाज से प्रतिघात. अकल्पनीय अभिनय तथा विराट प्रस्तुतीकरण, अर्थात एक विलेन.        

रविवार, 22 जून 2014

Articlesss

परिवर्तन से परे 

हिन्द तो हिंदी क्यों नहीं?
                 
                                                                                                      - अंकित झा 

विश्व की चिंता वो करें जिन्हें विश्व के टुकड़ों पे पलना हो. अगर अपने देश की गरिमागाथा स्वयं लिखना है तो अपनी भाषा में लिखो ना. किसी उधार की भाषा में क्या लिखना, हिंदी हमारी सहेली है, ये हमारे अठखेलियों से लेकर, स्कूल, क्रीड़ा, गालियों, प्रेम, ममता व क्रोध सभी में छुपी है, इससे बैर कैसे कर लें. अंग्रेज़ी तो हमारी सज़ा है जो अँगरेज़ हमें दे के गये हैं. 

क्या फर्क पड़ता है कि राजा युधिष्ठिर है या धृतराष्ट्र,
हिंदी तो बेचारी यज्ञसेनी है, 
युधिष्ठिर दांव पे लगाएगा, धृतराष्ट्र के पुत्र उसकी अस्मिता लूटेंगे. 

कभी इस देश में संस्कृत थी, शास्त्रों की भाषा. बड़े राजप्रासादों में बोली जाती थी संस्कृत, तो वहीं दूर कहीं पण्डितों के पर्णकुटी में वदित होती थी संस्कृत. कहते हैं संस्कृत की ही कोख से जन्मी है सारी भाषाएँ. मन, प्राण, वचन, श्रुति सभी को मधुर लगने वाली भाषा, संस्कृत. साथ ही साथ वर्ग संघर्ष में लिप्त थी भाषायी संघर्ष. महाभारत का ही वर्णन हो जाए, पांडु व कुरु कुमार संस्कृत में शास्त्रार्थ करते थे, राजकुमार जो ठहरे. शास्त्रों का संज्ञान उसी भाषा में लिया, कर्ण ठहरा सारथिपुत्र, संस्कृत से दूर दूर तक का कई नाता नहीं, फिर भी शास्त्रों का ज्ञान लिया. उस समय पिछड़े व स्त्री समाज की भाषा प्राकृत थी. याद है न रुक्मिणी ने संस्कृत में कृष्ण को पत्र लिखा था, ताकि कोई भी उस पत्र को कृष्ण के अलावा पढ़ और समझ ना सके. समय बदला, समाज बदला. नए धर्म आये, नयी संस्कृति, नयी भाषाएँ जन्मी. सभी भाषाएँ चूँकि जन्मी एक ही कोख से, अतः बहुत कुछ भाषाओँ में सामान्य ही रहा व ऐसे ही जन्म हुआ भारत के अपने भाषा हिंदी का. समकालीन संस्कृति की हिस्सा रही सभी भाषाओँ का मिश्रण. परन्तु ऐसी मधुरता की, किसी भी समकालीन भाषा में उत्तम. शब्दभंडार हो या शब्दसंरचना दोनों ही श्रेष्ठ. प्राकृत व संस्कृत दोनों ही की झलक, कोई वर्गमर्यादा नहीं. स्त्री व पुरुष दोनों की भाषा. हृदय व मुख दोनों की भाषा. जब भारतवर्ष पर विदेशी आक्रमण शुरू हुए तो सर्वप्रथम हिंदी पर ज़ुल्म शुरू हुए, इसकी आत्मीयता को क्षति पहुंचाने की कवायद शुरू हुई. फ़ारसी, उर्दू, मंगोली, अफगानी, और कई सारे भाषाओँ से इसपर आक्रमण किये गए, परन्तु पानी में फेंके गए रंगों से पानी का नुक्सान नहीं होता बल्कि पानी उसे अपने में मिला लेता है. जब कभी किसी भाषा के अस्तित्व पर आंच आती है तो उसे व्याकरण की शरण प्राप्त होती है. पाणिनि के अष्टाध्यायी में संस्कृत व्याकरण निहित है तथा, संस्कृत व्याकरण के अंतस में हिंदी व्याकरण. हिंदी समाप्त नहीं हुई बल्कि विकसित हुई. उर्दू व फ़ारसी को समाहित कर लिया और कुछ शब्द तो ऐसे अपने से हो गये कि आज कोई बता दे उर्दू है या हिंदी. हिंदी भारत की संस्कृति का वो हिस्सा है जिसने विकास व विस्तार में समाज की साक्षी बनी है. भारत के इतिहास में हिंदी का योगदान समानांतर विकसित हुई है. फिर भारत पर अंग्रेज़ी आक्रमण हुआ तथा सब कुछ परिवर्तित सा हो गया. इसी देश के लोग, हिंदी के ही वंशज न जाने क्यों हिंदी से ही रूठ गये, कहने लगे दुनिया अंग्रेज़ी बोलती है हम क्यों नहीं बोल सकते, हम भी वही बोलेंगे. 

विश्व की चिंता वो करें जिन्हें विश्व के टुकड़ों पे पलना हो. अगर अपने देश की गरिमागाथा स्वयं लिखना है तो अपनी भाषा में लिखो ना. किसी उधार की भाषा में क्या लिखना, हिंदी हमारी सहेली है, ये हमारे अठखेलियों से लेकर, स्कूल, क्रीड़ा, गालियों, प्रेम, ममता व क्रोध सभी में छुपी है, इससे बैर कैसे कर लें. अंग्रेज़ी तो हमारी सज़ा है जो अँगरेज़ हमें दे के गये हैं, 170 वर्षों तक अपनी संस्कृति में सेंध लगवाने का ये क्रूर दण्ड भारतवर्ष को दिया गया. हम ख़ुशी ख़ुशी उस दण्ड का आनंद उठाते हैं, क्या यह समझ पाना इतना मुश्किल है कि अंग्रेजों ने भारत से पहले भारत की भाषा को अपने अधीन किया तथा आज जब भारत राजनैतिक रूप से स्वाधीन हो गया सांस्कृतिक रूप से आज भी पराधीन है. अपनी सहेली को हम उन्मादी अंग्रेज़ी के आँगन में छोड़ आये, बिना इसकी परवाह किये कि सहेली की अस्मिता व जीवन दोनों पर संकट आ सकती है. भारत की विविधता की कथा सब को ज्ञात है, सभी कभी न कभी हिंदी के अपने थे, आज गैरों से भी अधिक बुरा व्यवहार करते हैं. परिवार में मतभेद कहाँ नहीं होता, इसका अर्थ ये तो नहीं की विदेशियों के खैरात को अपना भाग्य समझ लें और अपनी भाषा को ही शत्रु मान बैठे. भारत की सभी भाषाएँ जब संस्कृत की ही वंशज है तो हिंदी से ही ऐसा व्यवहार क्यों? भारत का गौरव तो दूर इसे तो आंगन की धूल से भी कम सम्मान दिया जा रहा है. एक अध्ययन के अनुसार भारत के करीब 42 प्रतिशत लोगों की भाषा हिंदी है, और यदि पंजाबी, बंगाली, मराठी, गुजरती, मैथिलि व उर्दू को जोड़ दिया जाए तो ये आंकड़ा 70-75 फीसदी से भी अधिक है. जब भारत की तीन चौथाई जनसंख्या हिंदी बोलती, समझती व लिखती है तो हिंदी को भारत की राष्ट्रिय भाषा क्यों न बनाया जाए? विरोध तो किसी भी प्रकरण का एक हिस्सा है, होता है, होता ही रहेगा. विरोध की आग में हिंदी को अग्निसमाधि लेने पर विवश तो नहीं कर सकते.  

नवनिर्वाचित सरकार ने जब गृह मंत्रालय के कार्यालयीन कार्यों को हिंदी में करने का निर्णय लिया तो एक और जहां हर्ष का माहौल था तो वहीं एक और विरोध के सुर गूँज उठे, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करूणानिधि ने सीधे शब्दों में इस निर्णय के विरोध में अपनी राय स्पष्ट कर दिया. संविधान में सूचित भाषाओँ में तमिल भी एक भाषा है, तथा हिंदी की इस तवज्जो को वे क्षेत्रीय भाषाओँ को दबाने व उनका अस्तित्व मिटाने की तरफ उठाया गया कदम मानते हैं. यही मानना है तमिलनाडु की मुख्यमंत्री व दक्षिण भारत के कुछ अन्य वामपंथी व क्षेत्रीय दल के नेताओं का भी. दक्षिण भारत ही नहीं बल्कि उत्तर-पूर्व भारत के भी क्षेत्रीय दल इसके विरोध में ही हैं. इस विरोध के कारण व आधार पूर्ण रूप से निराश करने योग्य है. भारत में 100 से भी अधिक भाषाएँ तथा सहस्त्रों बोलियाँ विद्यमान हैं, सभी को तवज्जो देना नामुमकिन है. 22 भाषाएँ जो संविधान में सूचित हैं, अपने तरह से सभी राज्य व क्षेत्र को समाहित कर लेती हैं. विरोध का कारण हिंदी को दी जाने वाली तरजीह है, तथा विरोध का आधार स्वतंत्रता के पश्चात् प्रधानमंत्री नेहरु द्वारा दिया गया आश्वासन था की जब तक सभी राज्य संतुष्ट नहीं होता, उस उचित समय तक अंग्रेजी ही भारत की कार्यालयीन भाषा रहेगी. अनुचित, अन्याय, घोर अन्याय. और इस तरह से हिंदी से सर्वप्रथम उसका अधिकार छीना गया था. आज स्थिति यह है कि हिंदी अपने अधिकार तो दूर अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है. किसके कारण? उस एक आश्वासन के कारण. एक आश्वासन और भारत किसी और के चरणों में अपना मुख रख चुका था. ये एक आश्वासन सम्पूर्ण राष्ट्रवाद के विरुद्ध था. ये कैसा देशप्रेम? कैसा राष्ट्रवाद? सभी ढकोसलों का भण्डाफोड़ इस एक आश्वासन ने कर दिया. फिर वो वर्षों का संघर्ष क्या सिर्फ अंग्रेज़ों को अपने देश से वापस भेजने के लिए किया गया था? क्या इतनी कुर्बानियां अपनी कुर्सी से अंग्रेजों को हटाकर स्वयं बैठने के लिए किया गया था? क्या इतना रक्त केवल कोरों व उस झंडे से बचने के लिए किया गया था? किसी भी देश अ निर्माण उसकी अपनी भाषा में ही होता है, चीन इसलिए चीन है क्योंकि उसने अपनी भाषा को सम्मान दिया. और ये लूटेरे ब्रिटिश तो बस साम्राज्य फ़ैलाने में विश्वास रखते हैं, उनके प्रपंच में हम कैसे फंस गयें? अंग्रेज़ी को अपनाकर हमने सदा के लिए उनके अधीन कर दिया. इतने संघर्षों का कोई अर्थ ही नहीं रह गया, बस अंग्रेज़ चले गये, सत्ता कुछ भारतीय अंग्रेजों को सौंप कर, सदा के लिए हमपर राज करने हेतु. 

अंग्रेज़ी ने हमारे बुद्धिजीवी वर्ग को सर्वप्रथम अपने अधीन किया, जब किसी समाज का विवेक ही बिक जाए तो उस समाज का हश्र क्या हो सकता है, विचारनीय है. और वामपंथी जो कि विवेकशील माने जाते हैं, जो बुद्धिमत्ता से सामाजिक संघर्ष को जानते हैं, उन्होंने भी अपने पराधीनता की घोषणा कर दी है, अंग्रेजी के समर्थन में अपनी बात रखकर. हिन्दी का अपराध क्या है? जो उसे अपने ही भूमि पर इस तरह प्रताड़ित किया जा रहा है, अपनी ही जन्मभूमि पर उसके अस्मिता से खेला जा रहा है, उसके अस्तित्व, अहमियत को ललकारा जा रहा है. दूर क्षेत्र तक भाषायी संघर्ष में मैं हिंदी के ही मृत शरीर को देख रहा हूँ, जो आ रहा है, हिंदी के शव को मुखाग्नि देने का प्रयास कर रहा है, हिंदी चीख रही है कि उसकी जान अभी गयी नहीं है, ऊपर बैठा अंग्रेज़ी उन्माद में झूम रहा है, अट्टहास कर रहा है, बीच बीच में थूक रहा है. किस पर? हम पर या हमारे अकर्मण्यता पर, एक दिन ऐसा आएगा हिंदी के स्थान पर, अपने समाज की अस्मिता को हम ऐसे ही पराधीन कर देंगे. अपना लेंगे विदेशी चोला, उत्सव मनाएंगे अपने पराधीनता का, ज्यादा हुआ तो अंग्रेजी में ही अंग्रेजियत को गाली दे देंगे. इस समस्या का समाधान क्या है? समस्या ही कहाँ है, एक आरज़ू है, एक कवायद है, हिंदी को उसका अधिकार दिलवाने के लिए. हिन्द की धरती पर हिंदी संघर्षरत क्यों है? क्या शर्मसार नहीं करती हमें और फिर भी हम विदेशी रिश्तों की दुहाई दे कर अपनी सहेली को मारने पर तुले हुए हैं.  


बुधवार, 18 जून 2014

Articlesss

"अनुभूतिवश": संस्मरण के संग संग  

मिठास 

                                                                                       - अंकित झा

ट्रेन अपने रफ़्तार से धुंध को चीड़ते हुए निकल रही थी, ठण्ड थोड़ी थोड़ी बढती जा रही थी. ट्रेन  मध्य प्रदेश को पार कर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर चुकी थी. बीच बीच में ये ध्यान दिला रही थी कि ट्रेन भारत की ही है और अँधेरे स्टेशनों को एक के बाद पार करते हुए चली जा रही थी. उसी ट्रेन कि एक बोगी के अपर बर्थ पर में निद्रा की ग्रास में पड़ा हुआ था. शाम के बाद का समय बचपन से ही मेरे लिए कुम्भकरण काल रहा है, उस पहर में नींद रोक पाना सदा से ही मेरी ख्याति का हिस्सा रही है. ट्रेन में ये ख्याति कहीं उड़ जाती है, और मैं आँखों को वश में नहीं रख पाता. उस रात भी कुछ ऐसा ही हो रहा था, ट्रेन में भीड़ ज्यादा नहीं थी, बस आस पास जाने वाले लोग जो आरक्षण की फ़िक्र नहीं करते वही सीट संभाले बैठे हुए थे. भारतीय रेल के हर ट्रेन में बहुत कुछ सामान्य होता है, पानी-चाय बेचने वाले से लेकर गुटखा और चना बेचने वाले तक. एक और चीज़ है जो बहुत आम है वो है मांगने वाले. अपनी कई यात्राओं के दौरान मैं कई बेहतरीन गायकों से मिल चूका हूँ, तो कई बेहतरीन शायर भी मिले हैं, जिनकी प्रतिभा उनके स्थिति पे भारी पड़ गयी. एक शायर की कुछ पंक्तियाँ तो मैं आज तक नहीं भूल पाया हूँ- " आज पता चला कि दरिया का पानी नीला कैसे है, शायद तेरी ही आंसुओं से ही बन पाया होगा कम्बख्त." और जिस लड़की को देख के उसने वो शायरी कही थी उसके आँखों का रंग नीला था, एक पल को दिल ही दिल में वाह वाह करता रह गया मैं. वहीं एक गायक की वो जिंदादिल आवाज़ जिसमें उसने मुहम्मद रफ़ी के गीत 'जाने वालों जरा मुद के देखो मुझे(दोस्ती, 1966)' को जीवंत कर दिया था और ख़ास कर गाने की वो पंक्ति जिसमें उसने कहा था- 'इस अनोखे जगत की मैं तकदीर हूँ, मैं विधाता के हाथ की तस्वीर हूँ'. इसी तरह उस शाम भी ट्रेन में प्रवेश किया कुछ मांगने वालों ने, उन गायकों-शायरों और विकलांग मांगे वालों से ये थोड़े भिन्न होते हैं, ये मांगने को अपना अधिकार समझते हैं. ये मांगते नहीं वसूलते हैं, सामने वाले को शर्मिंदा करके, डरा के, धमका के. शायद झांसी से निकली थी ट्रेन और अगला स्टेशन दतिया था, 4 किन्नर समाज के मांगने वालों ने ट्रेन में दस्तक दी, मेरी सदा से आदत रही है कि जहाँ पे विवशता न हो तथा दिल न करे वहां कभी दान मत करो, सदियों से प्रताड़ित समाज के लोगों को देने में मैं कभी नहीं हिचकिचाता. परन्तु जिस तरह से माँगना अब देश में पूर्णरूप से एक व्यवसाय सा बन गया है, ऐसे में मैं इस समाज को कभी कभी प्रताड़ित नहीं मान पाता. चूँकि मेरा बर्थ 44 न. था तो उनके आने में अभी समय काफी समय था, तो मैंने जेब से 10 रु. का एक नोट निकालकर हाथ में रख लिया और उनकी प्रतीक्षा करने लगा. इतने में एक बड़ी मीठी आवाज़ सुनाई दी, ऐसा लगा मानो किसी स्त्री ने उनका प्रतिकार किया होगा, हो सकता है उन लोगों ने उसके पति से जबरदस्ती की होगी और पत्नी का पतिवर्ता स्वरुप जाग गया होगा, और वो उनका विरोध कर बैठी होगी. परन्तु उसकी बातें सुनकर ऐसा लगा नहीं, आवाज़ आई कि, 'भाई साहब आप क्या मज़ाक उड़ाते हैं हमारा, वो तो पहले ही प्रकृति कर चुकी है. आपके मज़ाक से न हम दब जायेंगे और न प्रकृति को अपनी गलती का पता चलेगा. हम तो हैं ही ऐसे, आप क्यों हमें एहसास दिला रहे हैं, हम तो मांगते ही हैं, बदनाम भी हैं और कुख्यात भी, आप अपना सोचों.' ऐसा लगा स्वयं उर्वशी स्वर्ग से आकर उनका पक्ष रख गयी हो, या फिर किसी अप्सरा ने अपने सुरीले आवाज़ में एक गीत गाकर उनका पक्ष रखा हो, परन्तु ये सब झूठ था, वो एक किन्नर समाज की आम सी मांगने वाली ही थी, कौतूहलवश मैं उसे देखने के लिए उठा, आँखों पर एक पल को विश्वास नहीं हुआ, कोई इतनी सुंदर भी हो सकता है, देख के आश्चर्य हो रहा था. लाल साडी जिस पर गुलाबी रंग के किसी फूल के छींटे थी, चेहरा सांवला था परन्तु आँखों व होठों की बनावट ऐसी की सुंदर से सुंदर लड़की भी एक पल को जल उठे, उस पर से होंठ के नीचे एक तिल और उसकी नाक जो कुछ कुछ मेरे ही नाक से मेल खाती थी शायद. फिर उस दिन आदमी ने मज़ाक में क्या कहा होगा जो इसे बुरा लग गया. इतने में वो बुदबुदाते हुए मेरे पास आई, और माँगा, मैंने कुछ सोंचे बिना वो 10रु का नोट उसके हाथ में दे दिया, और एक टक उसकी ओर देखता रह गया, बिना किसी की परवाह किये, बस ख्याल में ये आ रहा था कि कोई कैसे इतनी सुंदर हो सकता है? इतने में उसने मुझे झिरकते हुए कहा- तो अब तुम क्या देख रहे हो? वो तो सोनागाछी ले जा रहा था, तुम कहाँ कामथीपूरा ले जा के बेचेगा? मैं कुछ समझ पाता इससे पहले वो चली गयी. उसके जाने के बाद उसकी बात समझ में आई, मैं सोंचने लगा, रूप में इतनी मिठास परन्तु बातों में इतनी कड़वाहट, ये निश्चित ही दुनिया के घाव हैं, या फिर उस घाव पर लगाये नीम के पत्तों की दावा के कारण, उसकी मिठास कम हो गयी है. दुनिया की भी तो मिठास कम हो ही गयी है, देखिये न कहाँ चलने की बात की थी उससे.         

रविवार, 15 जून 2014


परिवर्तन से परे 

वैमनस्य व विचारधारा की विविधता 
                                                                                               - अंकित झा

कोई स्वतः ही उपेक्षित नहीं होता, स्वतः ही प्रताड़ित नहीं होता. संघर्ष जब जन्मी तो किस कारण से सर्वप्रथम जातीय मूल्यों का क्षरण हुआ, क्यों सर्वप्रथम जातिवाद को समाप्त किया गया, इसका एक कारण था, वो ये कि इसी के आधार पर ग्रामीण परिवेश में द्विजों ने सहस्त्राब्दियों तक संसाधनों पर एकाधिकार समझा.

परिवर्तन की राह इतनी सुगम नहीं होती, 
वीरों के रक्त से भूमिपूजन की जाती है,
बलिदानों की पराकाष्ठ पर, 
रखी जाती है जिसकी नींव,
जौहर के क्रंदन से स्वागतगीत सुने देते हैं,
स्यारों का उन्माद मंत्रोच्चारण कर रहा होता है.   

एक अंतर निहित है, अनपढ़ व कुपढ़ होने में. अनपढ़ वो जो कुछ पढ़ के समाज के काम न आये और कुपद वो जिसकी पढाई समाज के काम न आये और कभी कभी समाज के लिए क्षति कर जाए. यदि मैं अपना धर्म और कर्म जानता हूँ तो मैं अनपढ़ नहीं हूँ, परन्तु यदि कुछ ज्यादा जान जाऊं और दूसरों को भी यही जानने हेतु उत्सुक करूँ तो लोग मुझे कुपढ़ कह सकते हैं. कह सकते हैं क्या, कहते हैं. इस्लाम में ही देखिये न, ज्यादा इस्लाम जानने वाले जब वही दूसरों को बताने लगते हैं तो लोग क्या कहने लगते हैं उन्हें, या फिर इसे ऐसे समझें कि ज्यादा पढ़ के गुमराह करने वालों को क्या कहते हैं. ऐसा हर धर्म में होता है, धर्म ही नहीं हर समुदाय में होता है, मनुष्य को एक समय जानने की इच्छा होती है, फिर और अधिक जानने की इच्छा प्रकट होती है तत्पश्चात सब कुछ जानने की इच्छा और उसके बाद जन्म लेता है औरों को उसके बारे में बताने की. इस बताने को आप प्रभाव डालना भी समझ सकते हैं. समझना ही तो है, क्या आज तक चंद समझदारों की फ़ौज ने कम समझाया है इस विश्व को, एम पी मिश्र, प्रख्यात वामपंथी नेता ने कहा भी तो था, ज़मींदारी प्रथा पर छिड़े विवाद पर संसद में कि समय आ गया है विश्व को लाल रंग में रंगने में, ज़मींदारी समाप्त करने का, किसानों को किसान बनाने का. आधी दुनिया रंग चुकी है. नतीजा क्या रहा, ज़मींदारी प्रथा समाप्त हुई परन्तु तीन दशक बाद ही विश्व पटल से वो लाल रंग कहीं गुम हो गयी, और भारत में बची खुची कसर 16वें लोकसभा चुनाव में पूरी हो गयी. अब यही कोई गिने चुने लाल चश्मे वाले मिलते हैं, इनके अंत का कारन बना, दावे करने की इनकी आदत. ये अनपढ़ नहीं थे, अधिक पढ़े लिखे थे, इन्हें विपढ़ कहा जाए. कहते हैं, समाज एक समय के बाद अपना अंत स्वयं तय करता है, भले ही वो विपढ़ समाज ही क्यों न हो. दूसरी ओर कुछ समाज दुसरे समाज के अंत से उदित होते हैं. जैसे सामंती के बाद साम्य आया, मनुवाद के बाद अब दलितवाद आया, और सामाजिक संरचना को नष्ट कर गया. श्रीमद्भाग्वद गीता के चतुर्थ अध्याय के त्रयोदश श्लोक में श्री भगवान् कहते हैं-     
              "चातुर्वर्ण्य मया सृष्टं गुणकर्मविभागशः, 
                    तस्य कर्तारमपि मां विध्यकर्तारमव्ययम"  

अर्थात 'ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र- इन चार वर्णों का समूह, गुण तथा कर्मोंके विभागपूर्वक मेरे द्वारा रचा गया है. इस प्रकार उस सृष्टि-रचनादि कर्म का कर्ता होने पर भी मुझ अविनाशी परमेश्वर को तू वास्तवमें अकर्ता ही जान'. जब सृश्तिकार ही विपढ़ नहीं तो कोई समाजशास्त्री कैसे किसी समाज का विश्लेषण कर सकता है. समाज में समस्या तब नहीं आई जब वर्ण बने, समस्या तब उत्पन्न हुई जब वर्ण जातिओं में विभक्त हो गया तथा जातियों को वर्गीकृत कर दिया गया. जाति के मूल को यदि समझें तो जाति में जन्म समाहित है तथा जब वर्ण व जन्म का समागम हुआ तब सभी समस्याएं आप ही उत्पन्न होने लगीं. और फिर समय आया अपने विचार, विचारक व विचारधाराओं का. परन्तु इस अंकुर, अरुण व उदय के मध्य जो रहा उसे अन्याय कहा गया, यंत्रणा कहा गया, प्रताड़ना कहा गया, उपेक्षा कहा गया. तत्पश्चात समाज में चेतना का उदय हुआ. परन्तु संघर्ष कभी शीर्ष व निम्न के मध्य नहीं होता, परन्तु इस संघर्ष को ये पहनावा दिया गया.

किस्सागोई जो ठहरा, एक किसा याद आ रहा है. बड़ी उलझी सी प्रेमकहानी थी वो, एक नास्तिक महबूबा व एक आस्तिक महबूब की प्रेमकहानी. कोई प्रेमकहानी जैसे कि हीर-राँझा, सोहनी-माहिवाल, लैला-मजनू इतनी अमर नहीं हो पाती यदि किसी में भी प्रियतमा ने अपने प्रेमी से उसकी विचारधारा तथा धार्मिक दृष्टिकोण पूछ लिया होता. प्रेम को इन सबसे क्या करना, जीने-मरने के वादे और घर बसाने के सपने ही तो होते हैं वहाँ, परन्तु उस घर का एक कोना मंदिर भी होता है, यही घर के ईशान कोण, उत्तर पूर्व दिशा में. अतः प्रेम कथामें दृष्टिकोण तो महत्वपूर्ण होता है, हाँ विचारधारा का पचरा क्या है? विचारधारा का अर्थ है, किसी एक विचार व उसके विचारक का समर्थन तथा उसे पूर्ण आशावादिता के साथ अपने जीवन का हिस्सा बनाना. इस प्रेमकहानी में ऐसा ही हुआ, विपरीत हवा का प्रारंभ कुछ ऐसे हुआ कि प्रियतमा जिसे लाल रंग से प्रेम है, परन्तु भिन्न अर्थ में, अपने प्रियतम के लिए लाल रंग का एक झोला लेकर आई, और प्रियतम ने उसे स्वीकार किया, माताजीका झोला समझकर. लाल चूँकि पावन वस्त्र मन गया है, अतः दोनों ही इसका बहुत सम्मान करते हैं. प्रियतम ने कहा, 'हमें ये लाल रंग ही तो जोड़ता है, अन्यथा समाज का बनावट और इसका अध्ययन तो आज तुम्हारे हाथों मेरा वध करवा दे.' प्रियतमा ने उत्तर दिया, वध में विचारक का नहीं, विचार तथा विचारधारा का करना चाहती हूँ, एक बार तुम्हारे विचार मर जाए, स्वयं ही मनुष्य बन जाओगे'. 'तुम भूल रही हो कि विचार कभी मरा नहीं करते, इतिहास के गर्भ में ही सही परन्तु जीवित रहते हैं, कब कैसे जागृत हो जाएँ पता ही नहीं चलता'. बातों बातों में न जाने कब प्रियतमा का घर आ गया और वह उतर के अन्दर चली गयी. जाते जाते मात्र इतना ही कहा कि, इतिहास जो भुगत चुकी है, उसका अर्थ यह नहीं कि भविष्य भी उसे भुगतेगा. समाज को न अब कोई ब्रह्मा बाँट सकता है और ना ही कोई ब्रह्मा के मुख से निकले उनके विचार'. इस बात पर प्रियतम ने उत्तर दिया कि, 'और न ही कोई विदेशी विचारक और उसके सामाजिक संघर्ष का सूत्र. ये समाज अब कभी विखंडित नहीं होगी, जब तक ईश्वर का अस्तित्व है, समाज नहीं बाँट सकता हाँ, जिस दिन कोई धर्म व ईश्वर को कोई नशा बतला देगा, तत्पश्चात क्या होगा मैं नहीं जानता, समाज अवश्य बंटेगा'. प्रियतमा दरवाजा बंद कर चुकी थी, प्रियतम अपनी गाड़ी को किक मार चूका था. प्रेम कहानी में रात का महत्त्व अत्यधिक होता है, ये कहानी भी रातों में ही परवान चढ़ी थी, रातों में फोन पर घंटो चलने वाले वाद-विवाद और उसके बाद अगले दिन कॉलेज में मानना-मनाने का दौर. उस रात विवाद कुछ बढ़ गया, बात वहीँ से शुरू हुई जहां से रोज़ होती थी, प्रियतम ने पूछा, भोजन कर लिया? प्रियतमा ने हामी भरी तो, प्रियतम ने छेड़ते हुए कहा, 'देश की आधी आबादी आज रोटी के स्वप्न देख कर ही सो रही होगी, और तुम्हे अपने जीभ पर काबू ही नहीं है', इस बात पर नाराज़ हो कर प्रियतमा ने कहा, " तुम मनुवादियों को और आता ही क्या है? गाल बजाना और पेट की आग में आचमन डालना, समाज के विभत्स्तम अपराधी तो तुम लोग हो, समाज को बांटने वाले तुम, वर्ण को जन्म देने वाले तुम और सामाजिक उद्धार के समय भी सवर्ण बनके समाज के माथे पर भैरव बनकर नाच रहे हो', कहकर मार्क्सवादी महबूबा ने फ़ोन काट दिया. रात को प्रियतम का सन्देश आया, 'सामजिक उद्धार के माथे पर भैरव नहीं काल नाच रहा है, में तो ब्रह्मा को पूजता हूँ, वर्ण, जातिव्यवस्था से समाज को कभी कोई हानि हुई ही नहीं, छुआछूत से कभी भी सामाजिक कल्याण को बाधा नहीं पहुंची. समाज को सामाजिक उद्धार नहीं वरन सामाजिक जीर्णोद्धार की आवश्यकता है. सत्य कहता हूँ, हमें इश्वर बनने का कोई मोह नहीं है, अरे! हम तो वो हैं जिन्होंने विश्व को ईश्वर का आभास करवाया. अब तुम ही बताओ, सामाजिक संघर्ष की बात किसने की थी, ये याद दिलाने की आवश्यकता है क्या? भारत में वर्ग से विशाल यदि वर्ण संघर्ष हो चला तो द्विजों का क्या अपराध?' कुछ देर बाद ही पुनः एक सन्देश आया, इस सन्देश में प्रियतम ने लिखा था कि, मनुवाद को तुमने कुछ अजीब तरह से व्यक्त किया, पेट कि आग में आचमन? समिधा, जब सम्पूर्ण सृष्टि ज्ञान के अन्धकार में डूबी हुई थी तब एक ज्ञान का एक प्रकाश प्रज्ज्वलित हुआ था, याद है उस प्रकाश में एक आग की लपट थी, याद है उस आग में पहली समिधा किसने डाली थी, महर्षि मनु ने. पुरुष के मुख से निकला पहला शब्द ज्ञात है तुम्हें? ब्रह्मा, इस ब्रह्मवाद को मनु ने विश्व को समझाया था, जिसे मनुवाद कहा गया. ब्रह्मा से ये पालनहार विष्णु ने समझा    था, गीता में इसकी व्याख्या है, 4 वर्णों का विवरण किया है भगवान ने जो उनके कर्म दर्शाते हैं. इस बात से विश्व अनभिज्ञ है तथा ब्राह्मणों को सदैव ही उच्च जाति समाज को गुमराह करने के आरोप लगाती रही है. ब्राह्मण तो ज्ञान संचार हेतु सदैव ही तत्पर रहे, तथा राज करने वाले क्षत्रियों को अपेक्षित समझा कि ज्ञान उन्हें मिले ताकि समाज पर कोई समस्या न आये. इसे यदि दो वर्गों ने उपेक्षा समझा तो अग्र्द्विजों का क्या अपराध'? अब प्रियतमा की बारी थी, 'अच्छा लगा तुम्हारा व्याख्यान, परन्तु, कोई स्वतः ही उपेक्षित नहीं होता, स्वतः ही प्रताड़ित नहीं होता. संघर्ष जब जन्मी तो किस कारण से सर्वप्रथम जातीय मूल्यों का क्षरण हुआ, क्यों सर्वप्रथम जातिवाद को समाप्त किया गया, इसका एक कारण था, वो ये कि इसी के आधार पर ग्रामीण परिवेश में द्विजों ने सहस्त्राब्दियों तक संसाधनों पर एकाधिकार समझा, और जब संघर्ष चला तो कपटी पिछड़ों को सत्ता सौंप नगरीय संसाधनों को अपनी बपौती बना ली. एक साथ कई विचार व विचारधाराएँ निवास करती हैं, इन्हें कृपया छेड़ो मत. समाज में संघर्ष निहित होती हैं, समाज की नींव में संघर्ष की बजरी भी मिलाई जाती है. इस संघर्ष को चलने दिया जाए. और हाँ मैं भला तुमसे नाराज़ हो सकती हूँ क्या? क्रांति की ही सही परन्तु लाल जोड़े में तुम्हारे ही घर में आउंगी'.प्रियतम के होठों पर हंसी बिखर गयी, परन्तु आँखों में आशा थी कि कभी तो अपनी प्रियतमा को ये समझा ही देगा कि मनुवाद बुरा नही बल्कि समाजवाद का ही हिस्सा है. 

सामाजिक संघर्ष क्या है, जीत-हार क्या है, सामाजिक उद्धार क्या है, जीर्णोद्धार क्या है, नींव क्या है, एकाधिकार क्या है, द्विज क्या है, वैमनस्य क्या है, प्रेम क्या है, प्रेम कहानी क्या है, विचारधारा क्या है, विविधता क्या है, समाज है. समाज का ही अंग है, समाज में ही समाहित है. मनुवाद और मार्क्सवाद, प्रेमकहानी का हिस्सा. लाल वस्त्र, क्रांति व श्रद्धा के स्वरुप.  
               

बुधवार, 11 जून 2014


परिवर्तन से परे 

सांप्रदायिक समरसता के शत्रु कौन हैं?
                                                                                                         
                                                                                                               - अंकित झा 


समाज को समुदाय या संप्रदाय भ्रष्ट नहीं करती बल्कि इसे भ्रष्ट करती है इंसान की  वो सोंच जो इतिहास को अपने रिश्ते का हिस्सा बनती है. यह सत्य है कि जिस इतिहास में मानवीय संवेदनाओं का विध्वंश छिपा है, वो कभी नहीं मरती परन्तु क्या ये सत्य नहीं है कि इतिहास को कुरेदना भी इतिहास बनाने का ही हिस्सा है.

जिस दिन जलेगा चमन, झुलसेगा सारा समाज.
ना कोई हिन्दू बचेगा न कोई मुसलमां.
आग गीता देख कर अपने दिशा नहीं बदलेगी 
और ना ही कुरआन के सजदे में झुकेगी. 
                                                                                                - शाव्य्साची 

दृश्य कुछ इस तरह का था कि कमरे के बीचों बीच फैले मखमल के दरी पर एक बड़ी सी थाल सजी हुई थी, थाल में तरह तरह के पकवान पड़ोसे हुए हैं, मिठाई, किमामी, शाकाहारी बिरयानी, पकौड़े, और ना जाने कितने ही तरह के भजिये, मुन्गोड़े और पकौड़े. फ़हीम चाचा के बेटे का ये 12वें वर्षगांठ का जश्न चल रहा था. हर ओर ठहाके लग रहे थे, कभी किसी के कहकहे पर तो कभी किसी के. अब्दुल मियाँ अपने अरब के किस्से सुना रहे थें, तो अश्फ़ाक जो कि फ़हीम के बेटे का मास्टर भी है, अपने कॉलेज के किस्से सुना रहे थे, उसी ठहाकों में अनिल बाबु के ठहाके भी शामिल थें, अनिल व फ़हीम दोनों ने कामयाबी की सीढियाँ साथ ही चढ़ना शुरू की थीं, और आज दोनों अपने जगह पर सफल व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं. अनिल बाबु के साथ उनका भाई और एक अन्य मित्र भी बैठा हुआ है. इतने में नयी सरकार की बात छिड़ी, हकीम राज के नाम से मशहूर डॉ इलियास ने ऐसी बात कह दी कि माहौल एकदम से गंभीर हो गया. इस पर अनिल बाबु के मित्र ने टिप्पणी  कर दी कि हम तो हमेशा से ही मेहमानवाजी के लिए जाने जाते हैं, जो लुटेरे बन कर आए थे वे सोंचे कि किसको स्वीकार करना है और किसे नहीं. सारी आँखें अनिल बाबु के मित्र पर उठ गयीं ऐसा विवादास्पद टिप्पणी अन्हें शोभनीय नहीं थी, परन्तु उत्तर सदैव प्रश्न के टक्कर का या फिर उससे बेहतर होना चाहिए. दर असल डॉ इलियास ने कहा था कि हिन्दुस्तान की मेहमानवाजी का कोई जवाब नहीं है मियाँ गले काटने वालों को भी हार पहनाने में सोंचते नहीं हैं, किसे स्वीकार लिया देखिये ज़रा. बात तनिक बिगडती दिखी, डॉ इलियास कहने लगे, मियाँ रुवाब मत झाडिये अपने ऐसे होने पर, मेहमानवाजी की बात करते हैं, हमें लूटेरा कह रहे हैं आप, ...... बात बिगड़ते देख फ़हीम जी ने बीच बचाव किया परन्तु जो हालत बिगड़ गए थे वो अब न सुधरने थे, इतने में अशफ़ाक मियाँ भी अपने कमीज का बांह ऊपर करते हुए कहने लगे, देखिये भाईजान ना ये देश आपकी मिलकियत थी और ना ही कभी रही है. मिसालें हमने पेश की है, आप जैसों को सुधारकर, ज़माना जानता है, कैसे संभाला है इस मुल्क को हमने, बनाना ही आता है हमें, ढाहना नहीं. माहौल बिगड़ चूका था, अब बचाव से कुछ नहीं हो सकता था, अनिल बाबु उठे और अपने भई और मित्र को उठा कर ले जाने लगें, और जाते जाते कह गयें, दूसरो के छाती पर अपने बाल लगाने को निर्माण नहीं कब्ज़ा कहते हैं. डॉ इलियास तमतमा उठे परन्तु कोई चारा नहीं था, अनिल बाबु जा चुके थें. उनका जवाब या जवाबी कार्यवाई को देखने और झेलने हेतु कोई नहीं बचा था.

यही होता आया है इस देश में, ना जाने पल भर में कैसे सारी मित्रता भुला दी जाती है, अपने कुछ बात, खटास, मनमुटाव को इतिहास का नाम दे कर कैसे दो समुदायों में  फूट डाल दिया जाता है. समाज को समुदाय या संप्रदाय भ्रष्ट नहीं करती बल्कि इसे भ्रष्ट करती है इंसान की  वो सोंच जो इतिहास को अपने रिश्ते का हिस्सा बनाती है. यह सत्य है कि जिस इतिहास में मानवीय संवेदनाओं का विध्वंश छिपा है, वो कभी नहीं मरती परन्तु क्या ये सत्य नहीं है कि इतिहास को कुरेदना भी इतिहास बनाने का ही हिस्सा है और ये सामाजिक सौहार्द्य के लिए कितना विध्वंशकारी है. इस देश में हर रोज़ इतिहास के घाव कुरेदे जाते हैं और इस अग्रगमन में कितने घाव लगाये जाते हैं, किसी को इसका कोई ठिकाना नहीं होता. राष्ट्रिय एकीकरण किसी भी लोकतंत्र के लिए कितना आवश्यक है, ये किसी को बताने की आवश्यकता नहीं  है. तथा राष्ट्रिय एकीकरण के प्रमुख तत्वों में से एक है, सामाजिक व सांप्रदायिक समरसता. श्रीरामचरितमानस का एक वाक्य है, 'परहित सरीर धरम नहीं भाई, परपीड़ा सम नहीं अधमाई'. जिसका अर्थ ये है कि दूसरों की मदद करने से अत्यधिक बड़ा धर्म और विश्व में व्याप्त नहीं है. समाज की नींव ही यहाँ से पड़ती है कि समाज का हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में एक दुसरे पर निर्भर रहता है, जिसे समाजशास्त्र में पारस्परिक निर्भरता कहते हैं. यह सोंचने योग्य बात है कि यदि समाज में ऐसी निर्भरता न हो तो समाज कैसा दिखेगा? अलग अलग विश्व, जो एक दुसरे से बात नहीं करता है, एक दुसरे को देखता है परन्तु कोई ख़ास ध्यान नहीं देता. भयावह दृश्य नहीं होगा वह. ऐसे ही कई भयावह दृश्यों को समाप्त करने हेतु समाज की स्थापना की गयी. मनुष्य एक दुसरे से भिन्न हो सकता है, आकर, आकृति, चेतना, विवेक तथा कौशल में. परन्तु मनुष्य एक दुसरे से इस तरह तो भिन्न नहीं होते कि उनके नाम, उपनाम, जाती, प्रजाति, धर्म, वर्ण व लिंग के आधार पर अंतर निकाले जाए. यही तो अंतर है, प्रकृति व प्रकृति के सर्वश्रेष्ठ कृति में कि ये अंतर के नए नए तरीके निकालने में सक्षम हैं. भेदभाव सामाजिक संरचना का हिस्सा सदा से ही रही है, परन्तु इस भेदभाव की दीवार को कभी भी मानवीय रिश्तों पर हावी नहीं होने दिया गया था, परन्तु वो कौन सी बुद्धि होगी जिसने धर्म के अंतर को कट्टरता का नाम दिया होगा. हिन्दुओं को ब्राह्मण, बनिया व यादव कहके भेद करवाया होगा जो अंततः विवाद का कारण बनी होगी, तथा इस्लाम में  मुसलमान व काफ़िर बनाये होंगे. आज कट्टरता सब पर हावी है, इतनी कि जिसका शब्दों में वर्णन करना कठिन है.

हाल ही में पुणे में हुए 28 वर्षीय आईटी प्रोफेशनल शैख़ मोहसिन सादिक की निर्मम हत्या के बाद मेरे मन में कई प्रश्न नित्य ही खड़े हो जाते हैं. कहते हैं वो नमाज़ अदा करके आ रह था, सर पे टोपी लगाई हुई थी, कुछ विवाद भी था पहले का, बस मृत्यु के लिए पर्याप्त कारण हो गये थें क्या? इस हत्या को विभत्स्म्रित्यु की संज्ञा दी गयी है,  ऐसी मृत्यु जिसमें घृणा की वजह से हत्या की जाये तथा बाद में वो कृत्य मानवता का वीभत्स कृत्य बन जाये. जब कानून बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के बदले सजा ए मौत सुनाने में 25सों सुनवाई लेती है, तो कोई उन्मादी भीड़ कौन होती है किसी को मृत्युदंड देने वाली? ऐसे उन्माद ही समाज में घृणा के दीवार खड़ी  करती है और इसमें फंसती है लाखों मासूम जिंदगियां. कोई घटना को आने  वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से जोड़ के देख रहा है तो कोई लोकसभा चुनाव के नतीजो के पहले लगायी जाने वाली अटकलों का प्रारंभ. ये क्या है? कोई नहीं जानता सिर्फ इतना ही जानता है कि ये जो कुछ भी हुआ समाज के लिए अच्छा नहीं हुआ. युवा मन में जब कट्टरता के बीज बो दिए जाते हैं तो उनका अंत किसी तलवार से कट कर या किसी एनकाउंटर में पुलिस के बन्दूक से ही होती है. ऐसी हत्याओं के दोषी कभी सामने नहीं आते, बस उनकी परछाई सामने आती है, एक भीड़ के रूप में और छिन्न भिन्न कर देती हैं, मानवीय आशाओं को. ऐसे कृत्य कतई शोभनीय नहीं होते परन्तु ये घटित होते हैं, क्योंकि आज भी समाज एक नहीं हुआ है, आज भी कोई तलवार लेकर इस ताक़ में है कि कोई दाढ़ी वाला मंदिर के सामने सर ना झुकाए और उसका सर ईशनिंदा के ज़ुल्म में उड़ा दिया आये तो वहीँ कोई टोपी लगाये इस ताक़ में खड़ा है कि कोई चोटी वाला निकले बस दरगाह के सामने उसका सर ना झुके फिर देखो क्या अंजाम होता है. समाज में घृणा की नींव जिन्होंने रखी थी, अब वो ज़हेन्नुम में अपनी सजा भुगत रहे हैं और हम धरती पर अपने जन्नत को ज़हेन्नुम बनाने पर तुले  हुये हैं. 

मंगलवार, 3 जून 2014

Articless


मियां ये 370 क्या होता है?
                                                                                       
                                                                                               - अंकित झा 

शहर से बाबू पढ़ कर आये हैं, खूब पूछ परख हो रही है, पूरे घर में हंगामा सा मचा हुआ है, काहे कि छोटे बाबु पढ़ कर आये हैं, दिल्ली से. गाँव के बड़े बूढ़े बार बार आ जा रहे हैं, आते जाते एकाध प्रश्न पूछ लेते हैं, जैसे ही उत्तर मिला गौरवान्वित हो कर लौट रहे हैं, और यदि उत्तर नहीं मिल रहा है, तो अफ़सोस भी ज़ाहिर कर रहे हैं कि पैसा बर्बाद कर दिए बाबु, कुच्छो न किया इ परदेस जा कर. 

शाम की बात थी, छुटकन बाबू जरा सैर पर निकले थे, गाँव के चौपाल पर उनकी मुलाक़ात हो गयी मुखिया और उनके कुछ मित्रों से, हमारे गाँव की यही तो संस्कृति है कि पढ़ के कोई भी आये, गाँव गौरवान्वित होता है, ख़ुशी और ग़म जो भी हो, गाँव हंस कर स्वीकार करता है. मुखिया जी ने पूछा, अरे भई आज कल इ 370 बहुत सुन रहे हैं, का है इ 370? तनिक बताओ तो. अब इसे परीक्षा कहिये या फिर कुछ जानने की जिज्ञासा, मुखिया के भाई ने भी पूछ ही दिया कि हां मिया ये 370 क्या होता है? कोई नया कानून है का? शहरी बाबु मुस्कुरा दिए और कहा कि जी कानून ही है, परन्तु नया नहीं है, बहुत पुराना है, हमसे और आपसे भी, यही मुखिया जी के उम्र की होगी. सभी हंस दिए, परन्तु हंसी की गूँज में मुद्दे की अहमियत कम नहीं हुई, बाबू बोलना शुरू हुए, कश्मीर तो आप जानते ही हैं, अपने भारत का सिरमौर जब हमारे पड़ोसी देश पकिस्तान हमसे अलग हुआ था, तो कश्मीर को लेकर खूब रागरघस मचा, भारत बोले कि कश्मीर हम लेंगे, पाकिस्तान भी अप्नेज़िद्द पर अड़ा रहा, बाद में कश्मीर को आजाद मुल्क बनाने का फैसला किया. इतने में रघुबीर चाचा बोल उठे, अरे! हमारी वैष्णो मैया बसती हैं वहां, गर्भ्गुफा है वहाँ , कैसे दे देंगे कश्मीर? बाबु उन्हें चुप करते हुए बोले, हाँ हाँ चाचा यही तो बात थी, फिर जा के घमासान युद्ध हुआ, भारत और पकिस्तान में, हमारे प्रधान मंत्री संयुक्त राष्ट्र पहुंचे सहायता के लिए इस मुद्दे पर. संयुक्त राष्ट्र ने श्वेत पृष्ठ जारी किया और कहा कि कश्मीर पर फैसला जनमत संग्रह से हो, जब प्रदेश में शांति बहाल हो जायेगी. कहते हैं गलती की उन्होंने, और गलती थी भी, यदि युद्ध से कोई फैसला आ सकता तो उचित होता क्योंकि आज 67 बरस होने को आये और न ही शांति बहाल हो पायी और न ही वो जनमत संग्रह. उसी के फलस्वरूप एक अलग दर्जा देने की बात की गयी, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 370 के अनुसार जम्मू और कश्मीर को देश में विशेष दर्जा प्राप्त है, जिसके अनुसार राज्य के कुछ ही निर्णय केंद्र सरकार द्वारा लिए जा सकते हैं, जिसके अलावा सभी फैसलों पर राज्य सरकार तथा विधान सभा का अधिकार है, इसी तरह से कई अलग आदिकार निहित है जम्मू और कश्मीर के पाले में जैसे वहाँ पर राष्ट्रपति शासन नहीं लगाया जा सकता, न ही देश में लगे आपातकाल को वहाँ लागू किया जा सकता है. यही सब कुछ है बस, और क्या. बाबु ने बोलना समाप्त किया. सभी के आँखों में गर्व महसूस किया जा सकता था, कि बाबु ने कितनी सुन्दरता से समझाया इस बात को. मुखिया जी ने अपनी मूंछों पर ऊँगली फेंरते हुए पूछा कि फिर आज कल काहे इ मुद्दा उठ रहा है, इ तो बहुत पुराना लग रहा है? 

अरे उ का है चाचा कि जो नया सरकार आया है न, उ कुछ प्रश्न उठाया है इस अनुच्छेद के सार्थकता पर. तो इसी वजह से पूरा बहस छिड़ा हुआ है. अब कोई चाहता है कि ये अनुच्छेद और इसका प्रभाव जस का तस बना रहे तो कोई इसके प्रभाव को कम कर इसे समाप्त करने का पक्षधारी है. किसी भी मुद्दे को प्रभावहीन बनाने से पूर्व उसके प्रभाव व दुष्प्रभाव को समझना अति आवश्यक होता है, जैसे देखिये, आतंकवाद एक समस्या है, परन्तु इससे लड़ने हेतु इसके सभी दुष्प्रभाव को जानना आवश्यक है, आर्थिक, सामाजिक, मानवीय, नैसर्गिक इत्यादि. किसी भी समस्या का समाधान उस के संरचना में ही छुपा होता है, 370 कोई समस्या है या नहीं, ये अभीतक तय नहीं हो पाया है. इसके अंतर्गत आने वाले विशेष प्रावधानों के नतीजतन जम्मू और कश्मीर के एक बड़े हिस्से को सदा ही इससे असंतोष रहा है. असंतोष कभी कभी विद्रोह का भी रूप धारण करती है परन्तु यह कभी जाहिर नहीं हो पता है. इस अनुच्छेद के करणवश हुए उपद्रवों तथा कश्मीरी पण्डितों के विस्थापन के बाद से ही दक्षिणपंथी विचारक इस अनुच्छेद के विघटन की बात कर रहे हैं. परन्तु, इस अनुच्छेद के कंधे पर अपनी राजनैतिक हथियार चलाने वाले राजनैतिक दल कदापि ऐसा नहीं चाहेंगे. भारत के सिरमौर में आये दिन जो घटनाएँ व दुर्घटनाएं होती हैं, उनको इस अनुच्छेद से जोड़कर अवश्य देखा जाना चाहिए, किसी कारणवश ही सूबे में सुरक्षातंत्र मजबूत नहीं हो पाया है. विशेष दर्जे के बावजूद जब तीसरे दर्जे सा हाल बना के रखा गया है तो निश्चित ही ये क्रियान्वयन में लाचारी तथा अकर्मण्यता के फलस्वरूप है. 

कश्मीर में एक समस्या था, अब कश्मीर स्वयं एक समस्या है. दोष किसका है, ज्ञात नहीं. पीड़ित कौन है, देख लीजिये, सिर्फ कश्मीर, कश्मीरी या पूरा देश? उत्तर निकाल पाना दुश्कर सा लगता है, उसपर से कश्मीर के प्रति लोगों की सहानुभूति तथा चिंता देखकर कुछ विशेष करने का सबका मन करता है. कुछ विशेष तो पहले से ही हो रहा है, वहाँ, साधारण ही क्यों नहीं छोड़ देते, जिस तरह बिहार प्रगति कर रहा है, वहाँ का गुंडाराज आज कल थोडा आराम कर रहा है, उसीप्रकार कश्मीर को साधारण क्यूँ नहीं छोड़ देते हैं? उसपर से लटका दी है, जनमत संग्रह की तलवार. अरे समस्या सुलझाए कौन? इस कश्मीर का आका है कौन? या फिर ये आज़ाद है? उच्चश्रिंखिल, बिना किसी अवलम्ब के. कश्मीर अवचेतन में डूबा एक अबोध बच्चे की तरह है, जिसके माथे से खून बह रहा है परन्तु उसे उस खून कि नहीं बल्कि उस चोट की फ़िक्र है जो उसे पीड़ा दे रही है. इस पीड़ा में आँखों से आंसू भी आ रहे हैं और माथे से खून भी. पहले क्या पोछा जाये? तय कर लें.     

शनिवार, 17 मई 2014

Articlesss

चुनाव विशेष

ये इतिहास नहीं भविष्य है!!!

                               -    अंकित झा

नव गति नव लय ताल छंद नव
नवल कंठ नव जलद मंद्र नव

नव, नवल, नवीन, हर ओर एक नयापन सा छाया हुआ है. उम्मीदें अब वास्तविकता में बदल चुकी हैं. चुनाव संपन्न, नतीजें प्रस्तुत हो चुके हैं और वो करिश्मा हो चुका है, जिसकी प्रतीक्षा सभी को थी. तथाकथित अच्छे दिन आ गये. 30 वर्षों बाद देश को एक ऐसी सरकार मिलेगी जो पूर्ण बहुमत से संसद में आएगी. कोई जोड़-तोड़ का गणित नहीं, गठबंधन के लालच नहीं, कोई राजनैतिक गुणा-भाग नहीं सिर्फ स्वप्न के पूर्ण होने का उल्लास. देश के हर क्षेत्र में कमल खिल चूका है, कश्मीर से कन्याकुमारी तथा नागालैंड से नवसारी हर जगह कमल ही कमल खिला हुआ दिखाई देता है. देश के सबसे पुरानी पार्टी की सबसे ऐतिहासिक तथा शर्मनाक हार. कहां प्रधानमंत्री बनने का स्वप्न तथा स्थिति आज विपक्ष भी न बना पाने की. यह जीत ऐतिहासिक नहीं तो और क्या है? इस बार कोई सहानुभूति नही जीती, कोई भावनात्मक प्रबलता हावी नहीं हुई, कोई जातीय समीकरण नहीं चले, चला तो बस एक नाम, नरेन्द्र मोदी. मित्रों! की वो झंकार जहां जहां कानों में गूंजी उधर कमल खिला, वन्दे मातरम् की टंकार जिस दिशा में पहुंची वहाँ कमल खिला, जहां कभी नैराश्य बिखरा पड़ा था आज वहाँ उम्मीद के कमल खिल रहे हैं. हर ओर एक ही नाम, एक ही पार्टी, एक ही शोर, एक ही गर्जना, एक ही विजय गान. इतिहास क्या है? समय का ग़ुलाम. समय क्या है? मानवीय कर्मों के सिद्धि की अवधि. अवधि, जब समय भी एक क्षण थमकर मनुष्य को प्रणाम करने को रुकता है, उसी क्षण को ऐतिहासिक क्षण कहते हैं, आज वही है. समय एक बार रुक कर नरेन्द्र मोदी को प्रणाम कर लेना चाहता है. साहस, वीरता तथा पराक्रम के नए आयाम को गढ़ने के लिए. इस जीत के कई मायने हैं, कोई कहेगा ये कांग्रेस की हार है, तो कोई उसके नीतियों की हार, परन्तु ये कोई नहीं कहेगा कि ये जीत एक विश्वास की है, विश्वास कि अभी भी परिवर्तन संभव है.

गठबंधन के जोड़ तोड़ के परे एक स्थायी सरकार की अपेक्षा को पूर्ण बहुमत के साथ सहयोग मिला, 286 कमलों को भेंट स्वरुप दिया गया. इतने कमल आज तक नही मिले थे भेंट में, तीस वर्ष बाद किसी सरकार के पास गठजोड़ का बहाना नहीं होगा. ये हर्ष का समय है, तो इसे कतई जाने मत दीजिये, हिंदी के जयगान का समय है, भारतीय संस्कृति के विजयघोष का समय है, इस जश्न को चलने दिया जाये. ये इतिहास नहीं है, इतिहास तो अभी रचा जाना बाकी है. ये भविष्य की उम्मीद है, एक आकांक्षा है कि कल आज से बेहतर होगा. इस पूर्ण बहुमत के जश्न में डूब जाने दीजिये, निकालिए मत. ग्लास आधी खाली है या पूरी भरी, समय आ गया है जानने का. उम्मीद है कि भविष्य में इतिहास रचा जायेगा, जो अब तक न हुआ हो सकता है, अब हो. जय हे.  

मंगलवार, 13 मई 2014

Articlesss

परिवर्तन से परे

शायद इसे ही महंगाई कहते हैं
-    अंकित झा

समाज में जिस तरह जीजिविषा की क्षति हो रही है, उतने ही तेजी से स्वप्न की मांग बढ़ रही है, इस मांग के बढ़ने से मनुष्य के स्वभाव का मूल्य कम हो रहा है. स्वभाव के इस अभाव से मानवीय प्रवृत्ति में अंतर आता है, ये समाज के लिए हानिकारक है. ऐसी स्थिति जब समाज में स्वप्न चरम पर होंगे तथा मानवीय चेतना का नित्य हास होता रहेगा, इसे महंगाई कहते हैं. वास्तविक महंगाई.

समाज के सामने मैं बेबस खड़ा हूँ,
नोंच खायेंगे आज मुझे या फिर कोई भून लेगा
अंत तय है, समाज के हाथों मेरे शरीर का,
समाज के दुविधा को
मैंने दरिद्रता का नाम जो दे दिया था... 

उस छोटे से घर की बड़ी समस्याओं को जानने वाला कौन अवतार लिया है? यह छोटा सा घर किसी का भी हो सकता है, किसी का भी. देखिये उस छोटे से घर के अन्दर क्या हो रहा है, माँ चूल्हे के पास बैठे रोटियां सेंक रही है, बीच बीच में अपना दुखड़ा सुना देती है, सामने बैठे अपने पति को जो अभी अभी सर में तेल लगा कर खाने को बैठा  है, तेल के गंध से पूरा घर महक रहा है और माँ की बात से घर में गर्मी बढ़ रही है. दो रोटी ही खा पाया था कि बात बढ़ गयी, वही रोज़ की खटपट. वही गली गलौज और वही बर्तनों का पटकना. तेल की गंध बाहर को जाते दिखी, काम की ओर जा रही है सवारी, वो घर में सिसक रही है, सामने बैठा उसका छोटा सा बेटा चीख रहा है, शायद भूख लगी होगी उसे, माँ के पास बस रोटी और सब्जी है, उसे कुछ भी नहीं भाता. बीते महीने नानाजी के घर गया था तो डॉ. ने बताया कुपोषित है, पेट बाहर को निकल रहा है और पैर छोटे हो रहे हैं, अर्थात देश के उस खुशकिस्मतों में इसका नाम भी आ गया है. एक बेटी और बेटा और हैं जो सवेरे ही स्कूल को जा चुके हैं, खाना खा कर ही आएंगे. अब डरते हैं खाने से, स्कूल में ही मिलता है, 3-4 महीने पहले की ही बात है, बेटे ने मध्याह्न भोजन किया, इतना बीमार पड़ा कि शहर तक जाना पड़ा सरकारी खर्चे पर इलाज़ के लिए. बेटा था और सरकारी खर्च था इसलिए इतना संभव भी हुआ, वरना कौन ताक़ देता है इतना इस वर्ग को? गाँव के मुखिया के पास बीपीएल कार्ड बन रखा है परन्तु इनके पास नहीं है. चोली-दामन का रिश्ता है, भ्रष्टाचार और गरीबी का इस देश में. नौकरी किस आधार पर मिले? ज्यादा मजदूरी हो नहीं पाती, पत्नी को काम करने से माना किया गया है, काम किया तो जान देनी पड़ेगी, हद से ज्यादा कमजोरी हो गयी है. इनके आंसुओं का स्वाद किसी के मुख को बेस्वाद कैसे नहीं करता है?  
बेटी अब बड़ी हो रही है, कभी उसकी शादी होगी, इसकी चिंता अभी से उस को खाए जा रही है, सरकार ने कोई योजना बनाई है, हम जैसे माँओं के लिए, हमारे बेटियों के पढाई का खर्च शायद सरकार उठाएगी अगर अव्वल आ गयी तो, पर अव्वल कैसे आये? भूखे पेट कब तक अव्वल करेगी? बाप के हाथ में पैसे टिकते ही नहीं. पैसे तो बीमारी और किराने में ही खर्च हो जाते हैं, शुक्र है सरकार है. कैसी सरकार है, गरीबी नहीं हटाती बल्कि गरीबी को संस्थागत कर देती है, ग़रीब हो? कोई बात नहीं हम हैं ना, ग़रीब ही तो हो कौन से विपक्षी दल के हो. ग़रीब होने का फ़र्ज़ निभाओ, तुम्हारी सहायता हम करेंगे. भूख की बारात में शामिल हो जाओ, गरीबी के जश्न में ठुमके लगाओ, रोटी की रैलियाँ होगी, सपनों की कव्वाली और मज़ाक उड़ेगा इंसानियत का, हास्यास्पद हो जाएगी ना ज़िन्दगी. इससे अच्छी भी कहाँ है? ग़रीब हो या अमीर या फिर दोनों के मध्य संघर्ष करता देश का माध्यम वर्ग, आर्थिक हालात के समक्ष सभी लाचार हैं, किसी के पास कोई उत्तर कोई प्रतिउत्तर नहीं है, है तो बस एक वाक्य विशेष- महंगाई काफी बढ़ गयी है. ध्यान देने वाली बात ये है कि महंगाई होता क्या है? बढ़ कैसे जाता है? कौन बढाता है?
अर्थशास्त्र में महंगाई उस स्थिति को कहते हैं जब किसी स्थान पर एक समय अंतराल में वस्तुओं के मांग की वजह से उसके मूल्य में वृद्धि होने लगे. महंगाई इसलिए ज्यादा खतरनाक है क्योंकि यह मनुष्य के औकात को ललकारती है, क्योंकि एक अवधी में मूल्य वृद्धि की वजह से मनुष्य के जेब पर असर पड़ता है उसके खरीदने की क्षमता कम हो जाती है. इससे पैसे की हैसियत पर भी असर पड़ता है. परन्तु ये सब शास्त्र व नीतियों की बातें हैं, समाज में महंगाई उस स्थिति को कहते हैं जो अंत होने का नाम ही नहीं ले रही, जितना कमाओ उतना खर्च, जितना जमा करो उतनी जरूरतें, उपभोगतावाद से आगे बढ़ गये हैं हमलोग. अब खरीदने की होड़ नहीं है, अब बेहतर खरीदने की होड़ लग गयी है. खरीदो, पसंद नहीं बेच डालो, कुछ नया प्रयास करो. अर्थशास्त्र का एक सूत्र कहता है कि बाज़ार अपना अंत स्वयं तय करता है, ऐसा ही हो रहा है. जिस तरह समाज पर बाज़ार तथा बाज़ार पर पूंजीवाद हावी हुआ है, यह कहने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए कि समाज अपने दरिद्रता को पीछे नहीं छोड़ रहा वरन उसे कब्र में छुपाने की कोशिश कर रहा है जब तब यह मुंह खोले बाहर आ जाता है. समाज के तीन वर्ग हैं, एक जो अच्छे स्कूल जाते हैं, एक जो खराब स्कूल जाते हैं तथा एक जो स्कूल ही नहीं जाते हैं. इसी तरह समाज के तीन धरें हैं, एक जिसे सपने देखने की आवश्यकता नहीं, एक जो केवल स्वप्न देख सकते हैं तथा एक वो जिन्हें स्वप्न देखने का अधिकार ही नहीं. स्वप्न पर कुछ इस तरह बंटा हुआ हैं समाज मानो लगता है, समाज अपने ही क्रूरता पर हंस रहा है. नींद तीनों ही को नसीब नहीं है, एक सो नहीं पाता कि काम इतना है, एक सो नहीं पाता कि महिना कैसे चलेगा और एक सो नहीं पाता क्योंकि आधे पेट नींद नहीं आ रही है, चिंता उसे भी है कि कल उसके परिवार के सभी सदस्य सूरज देखेंगे या नहीं. हर ओर चिंता है, अनिद्रा है समाज सो नहीं पा रहा है, परन्तु जाग भी कहाँ रहा है?
अर्थशास्त्र की सुने तो समाज में जिस तरह जीजिविषा की क्षति हो रही है, उतने ही तेजी से स्वप्न की मांग बढ़ रही है, इस मांग के बढ़ने से मनुष्य के स्वभाव का मूल्य कम हो रहा है. स्वभाव के इस अभाव से मानवीय प्रवृत्ति में अंतर आता है, ये समाज के लिए हानिकारक है. ऐसी स्थिति जब समाज में स्वप्न चरम पर होंगे तथा मानवीय चेतना का नित्य हास होता रहेगा, इसे महंगाई कहते हैं. वास्तविक महंगाई. मानवीय चेतना का मूल्य उसके बैंक में पड़े बचत से कई अधिक है, तीन हिस्सों के स्वपन को एक होने के असंभव प्रयास के कारण समाज में उत्पन्न होने वाले दुबिधा को महंगाई कहते हैं, माध्यम वर्ग के स्वप्न पूर्ती पर लगे ग्रहण को महंगाई कहते हैं, राजनेताओं के भाषण में प्रयोग होने वाले सर्वमुखी वचन को महंगाई कहते हैं, उच्च वर्ग के होटल के बहार खड़े भिखारी को भीख न दे पाने की स्थिति को महंगाई कहते हैं. फिर जो मेरे सामने एक घर में चल रहा है ये क्या है?

शाम हो चली है बेटा खेल के आया है, बेटी कोचिंग से आई है, घर में टीवी चल रहा है, कोई सीरियल आ रहा है, माँ सब्जी काट रही है, पिताजी का आगमन हुआ, बेटे ने देखा मुस्कुरा के कमरे में चला गया, बेटी ने रिचार्ज के बारे में पूछा जैसे ही ना में उत्तर मिला नाराज़ होकर अन्दर चली गयी. माँ-पापा दोनों एक दुसरे को देखते रहे, पापा सोफे पर बैठे, पानी लाने को कहा, मोबाइल निकाला, साइलेंट पर किया और रिमोट उठा के दूसरा चैनल लगाया, माँ की आवाज़ आई पैसे देना है केबल का, पिताजी ने टीवी बंद कर दिया, शायद इसे ही महंगाई कहते हैं.         

रविवार, 11 मई 2014

Movie Review

फिल्म समीक्षा

मानवीय विकारों का दर्पण है मस्तराम

                                               -    अंकित झा

साहित्य का नित्य हास हो रहा है आज के उपन्यासों से. और समाजिक गंद को सभी अपना हमदर्द बनाये बैठे हैं क्योंकि ये उनके विकारों को बल प्रदान करता है. मसाला मिलाने की जिद्द इस कदर जोर पकडती है, साहित्य में रूचि रखने वाला राजाराम अपने कृतियों में मसाला मिलाने को आतुर हो जाता है.

एक लेखक, नवविवाहित. साहित्य में स्थान बनाने का स्वप्न और साथ अपने अर्धांगिनी का. हिमाचल के एक छोटे से शहर में संघर्ष. एक दोस्त, कुछ हमदर्द और कुछ हमराही. यही ज़िन्दगी है राजाराम की. राजाराम के मस्तराम बनने की कथा रोचक है परन्तु उतनी ही विवादास्पद. साहित्य क्या है, समाज में होने वाली गतिविधियों का दर्पण. जो कुछ भी हो रहा है साहित्य का हिस्सा है, मानवीय संघर्ष से लेकर स्वप्न तक सभी कुछ. इसी बीच पलता है, मानवीय विकार. ये विकार हैं स्वभाव तथा उसके प्रभाव का. मानवीय चेतना के गर्त में उसकी कामेच्छा बस्ती है, रह रह कर ये मनाविय स्वाभाव पर हावी होता है, समाज ने इसे हवस का नाम दिया है, और फिल्म में इसे मसाला कह कर संबोधित करते हैं. जब भी कभी राजाराम अपने शुद्ध साहित्यिक कृतियों को छपवाने की जतन करता है, नाकामयाबी प्राप्त होती है. कोई उसे एग्जाम गाइड लिखने की सलाह देता है तो कोई चाचा चौधरी टाइप कॉमिक्स. उसके साहित्य का निरादर फिल्म का एक अहम् हिस्सा है, और हमारे समाज की विडंबना भी. साहित्य का नित्य हास हो रहा है आज के उपन्यासों से. और समाजिक गंद को सभी अपना हमदर्द बनाये बैठे हैं क्योंकि ये उनके विकारों को बल प्रदान करता है. मसाला मिलाने की जिद्द इस कदर जोर पकडती है, साहित्य में रूचि रखने वाला राजाराम अपने कृतियों में मसाला मिलाने को आतुर हो जाता है.

A poster of Mastram 2014
फिर जन्म लेती है, भारतीय साहित्य इतिहास का वो पन्ना जिसपर सिर्फ जनता का हाथ था, प्रेमचंद और प्रसाद को पढने वाली जनता अब बुक स्टाल पर कुछ और खरीदने जाया करती थी, नाम था मस्तराम. समाज के गतिविधियों का ही वर्णन परन्तु, ये उन रिश्तों की गाथा थी जिसे समाज लुकेछुपे निभाती है. नर्स, बनिया, दोस्त, पत्नी, पड़ोसन, कोई उसके ख्याली गंद से बच नहीं पाते हैं. वो हर रिश्ते में अब कहानी ढूंढता है. पहले कुछ और था, रिश्तों पर कहानी हावी होने लगा. समाज तो जैसे मुंह फाड़े खडा था ऐसा कुछ पढने को, हॉस्टल के छात्रों से लेकर दफ्तर में काम करने वाले युवा या मंदिर की ओट में बैठे बूढ़े सभी हाथ में मस्तराम की भक्ति में लीन रहने लगे. सामाजिक मसाला इस तरह स्वादिष्ट लगने लगा कि समाज की सिसकियाँ अंगराई लेने लगी. यह कोई नई कथा नहीं है ये आज के समाज का परिदृश्य है, सामाजिक हवस का प्रतिबिम्ब है. वो सत्य है जिसे मनुष्य कबूल नहीं करना चाहता है, जिसे वो सिर्फ अंजाम देना चाहता है. फिल्म अपने हिसाब से काफी लचर है, कुछ दृश्य अच्छे हैं परन्तु राजाराम के चरित्र को मजबूती नहीं दी गयी, इसीलिए जब सभी रिश्ते उसे ठुकरा देते हैं तब भी हमारी सहानुभूति उसके साथ नहीं जुड़ पाती. पत्नी के साथ भी कुछ ऐसा ही है, पात्रों को बाँध के रखा गया है, लेखन में भी कमियाँ है. परन्तु यह फिल्म एक उदहारण है कि समाज अभी बहुत कुछ देखने को तैयार है. मस्तराम कतई प्रफुल्लित नहीं करती, कुछ सीटियाँ लूटती है परन्तु प्रभावहीन. संवाद काफी अच्छे हैं, परन्तु चरित्रों का असरहीन अभिनय संवाद को दबा देते हैं. अखिलेश जैसवाल इससे पहले गैंग्स ऑफ़ वास्सेय्पुर लिख चुके थे, उम्मीदें कुछ ज्यादा थी, निराश होना पडा. फिल्म एक भी ऐसा कारण नहीं देती जिस हेतु इस फिल्म को देखा जाए, हां किस तरह सेक्स कहानियों को रेडियो फीचर की तरह सुना जाए ये दिखाती है. सुनना हो तो जा सकते हैं. अथवा न जाना ही बेहतर. यह फिल्म मानवीय विकारों को उस दृश्य में दर्शाती है जब राजाराम का दोस्त जो कुछ क्षण पहले उसे ऐसी कहानी लिखने के लिए कोसता है, मस्तराम खरीदते दिखता है. ये सोंच पर एक स्पर्श मात्र है, जोर नहीं. कुछ और चाहिए जोर डालने के लिए. हम अपने हवस का इलज़ाम किसी और के सर नहीं डाल सकते हैं, कैसे डाल दें. अपने ज़मीर को क्या जवाब दे पाएंगे? क्या पढ़ के आये हैं, क्या देख के आये हैं, क्या करने की इच्छा है? कुछ भी व्यक्त नहीं कर सकते. इसे ही खामोशी कहते हैं और ख़ामोशी को गंद का नाम और कहें तो मसाला का नाम देती है मस्तराम.  

शनिवार, 3 मई 2014

Articlesss

परिवर्तन के परे

मेरे भूख का मतलब क्या है?

                                              -    अंकित झा

फिर से एक कच्चा घर होगा, घर में एक औरत होगी, जो शायद माँ होगी, खाली बर्तनों की ओर निहार रही होगी, मजबूर बाप आएगा, कांपता हुआ, कि आज फिर कुछ नहीं कमा के ला पाया, एक बेटी होगी जो भूखी होगी परन्तु पिता को हौसला देगी, एक छोटा बेटा होगा जो भूख से तड़प कर रो रहा होगा, उससे छोटा एक और बेटा होगा जिसे भूख का अर्थ नहीं पता, वो माँ के दूध पर जिंदा है, माँ का तो कलेजा सूख चूका है, माँ उसे कैसे बताये कि भूख का मतलब क्या होता है, और न ही वो बच्चा पूछ पाता है कि मेरे भूख का मतलब क्या है?

‘गर उजड़ना है तुम्हें तो क्यों न देशहित में ही उजड़ो’ याद है किसके किसके अनमोल वचन हैं ये? देश के प्रथम प्रधानमंत्री के, हीराकुड बाँध बंधने जा रहा था, सभी ओर नाराज़गी, हम अपनी ज़मीन खाली क्यों करें? वो भी इस मानवीय विध्वंश के लिए, उड़ीसा में पहले क्या कम भूखमरी है, जो ये दीवार और बांधा जा रहा है, नदी और हमारे बीच. किसकी कौन सुनता है, बंध गया, महानदी की महाशोभा. पश्चिमी ओडिशा उजाड़ दिया गया, 60 मी के इस भौकाल के लिए. 22000 परिवार विस्थापित हुए, कहने को करोड़ों बांटे गये, क्षतिपूर्ति के रूप में, वास्तविकता ये थी कि मिला भी तो सिर्फ 33 मिलियन, वो भी पूर्ण सत्य नहीं है.
इस देश में मानवीय दंगल के फेरें सभी ने लगाये कहाँ हैं, लम्बी फेहरिश्त है; टेहरी बाँध बड़ा उदाहरण है, फिर वेदांता का बंगाल प्लांट, सरदार सरोवर की अठखेलियाँ और पूर्णतः विफल रहा टाटा नैनो का मिशन बंगाल. विस्थापन एक ज़ख्म है, मनुष्य के अस्तित्व पर, मनुष्य के स्वभाव पर, उसके स्वपनों पर, उसके अपनों पर, सहचरी पर, उसके विरासतों पर. सरकार के लिए वो साईट है, ज़मीन का टुकड़ा है, लोगों के लिए वो पिता के पहली कमाई से खरीदी गयी ज़मीन है, बंजर हो जाती है, तो क्या हुआ, पसीना देकर सींचेंगे, एक दिन तो फसल उगेगी ही. सरकार क्षतिपूर्ति ज़मीन का देगी, पिता के ख्वाबों का नहीं, उसकी क्षतिपूर्ति कौन करेगा? मानवीय स्वाभाव कहता है, जो वस्तु हम लौटा नहीं सकते वो कभी छीनना भी नहीं चाहिए. फिर सपनों पर कब्ज़ा करने का हक किसने दिया है, किसी को. परन्तु क्या करें सरकारें गरीब के सपनों से नहीं, रईसों के नोटों से चलता है, कुछ गलत कह दिया मैंने क्या? उस थाली की फ़िक्र किसे है, जिसमे तीन रातों से रोटी नहीं गिरी है, बस मक्खी कभी कभी आकर बैठती है और जल्दी से उड़ भी जाती है क्योंकि कुछ है ही नहीं उसमे, अब तो गंध भी नहीं बचा है. फ़िक्र तो शेयर बाज़ार के लुढ़कने का है, क्योंकि एक का दो होने को जो रखा गया है पैसा उसमें. गरीब के घर के बहार पल रहे बैल की चिंता किसी को नहीं, दलाल पथ पर खड़े उस पत्थर के बैल की सभी चिंता किये जा रहे हैं. घंटो बहस होते हैं, निष्कर्ष कुछ नहीं निकलता. बस एक बात सामने आती है कि गरीबी नियंत्रण आवश्यक है. यह कैसा आर्थिक विकास हो रहा है? उन आँखों की फ़िक्र किसे हैं, जिससे आंसू रुकने का नाम नहीं लेती क्योंकि उसके 3 साल के बेटे ने सुबह से कुछ नहीं खाया और पति पैर तुड़वाकर फूटपाथ के किनारे लेटा है, इस इंतज़ार में कि किसी का ज़मीर जागे और सिक्का फेंक दे उसकी तरफ, बेटी तो हनुमान और देवी बनकर सुबह से मोटरों के सामने जा के करतब दिखा के मांग रही है, कुछ ख़ास मिला नहीं है अब तक. मांग में भी तो दम होनी चाहिए, फिर कुछ दरियादिलों के दिल के ज़ख्म कुरेदे जायेंगे और करुणा में आँख बंद कर लेंगे और सोंचने लगेंगे ऐसी दुर्दशा क्यों है इस देश की. इन नज़रों की ओस कब मिटेगी, इनके बदन पर लगी मिट्टी कब साफ़ की जाएगी, कब तक आंसू पीकर ही प्यास बुझेगी, कब तक ये छोटे छोटे मासूम सड़कों पर करतब दिखाएँगे, मजबूरी कब तक इनको बचपन से दूर रखेगी, कब तक ये छोटे हाथ अपनी माँ के आंसू पोंछते रहेंगे, कब तक भाग्य इनके जिस्म पर मेहरबान रहेगा, साथ कब तक बना रहेगा मुक़द्दर का इनके सर पर, विकास के आधार फ्लाईओवर के नीचे पलती ये जिंदगियां वापस कब बसेंगी? क्या कोई उत्तर है किसी के पास? गरीबी मापी नहीं जाती, यह महसूस की जाती है, कोई समिति गरीबी का मूल्यांकन नहीं कर सकती, भला वातानुकूलित कमरों में बैठकर ये सरकार के बंधुआ मजदूर देश की ग़रीबी का मूल्यांकन करेंगे, कि 30 रु. कमाने और खर्च करने वाला ग़रीब है या 100 रु. कमाने वाला. ग़रीब कौन है? हर वो इंसान ग़रीब है, जिसके माँ बाप वृद्धाश्रम में पलते हैं या वृन्दावन, द्वारका और पुरी में भिक्षा की आस रखते हैं, रिक्शों पर रात बिताने वाला ग़रीब है, जिनके कान पर इनके प्रति करुणा की जूं नहीं रेंगती वो इंसान ग़रीब है. बड़े बड़े बिल्डिंग में दो दरवाजे और, उन दरवाजों में 4 कुण्डियाँ लगा कर सोने वाले देश के लोगों को उनकी कभी फ़िक्र होती है कि लोग फूटपाथ पर कैसे सो लेते हैं, क्या उन्हें कोई डर नहीं होता? ‘क्या उन्हें कोई डर नहीं होता, जिनका अपना कोई घर नहीं होता?’ शब्द की नहीं भावना की गहराई को मापिये, चकाचौंध में आँखें चिल्मिला जाया करती हैं, सत्य विलीन हो जाता है, चौंधियाए आँखों से बस आंकडें ही दिखते हैं. इन बद्किस्मतों की किस्मत हमारे हाथों में हैं, हाँ, बद्किस्मतों के भी किस्मत हुआ करते हैं, तभी तो भूखे ही पर ये आँखें हंस दिया करती है बचपन की अठखेलियों में और कुछ फोटो खींच लिए जाते हैं, जिंदादिली दिखाने के लिए. इन्हें पता है भूख क्या होती है, परन्तु ये नहीं पता कि इनके भूख का मतलब क्या होता है? शून्य प्रभाव. कुछ करुणा, मात्र. असहाय धर्म के अधिकारीयों के लिए, अल्लाह के बन्दे कहने भर का समय, और नम आँखों से उन्हें बिदाई देने की तैयारी. बचपन को, ग़रीबी को, भूख को, मजबूरी को, इनके बेजान मुक़द्दर को, सड़क पर गाड़ी के सामने करतब दिखाती उस मासूम के बचपन को, मुंबई के लोकल ट्रेन में पुलिस के आने पर खिड़की से कूदकर भागते मासूम की ज़िन्दगी को, सब को अलविदा कहने का समय हो रहा है. सुना है, गरीबी पर कोई प्रोग्राम आने वाला है, देखते हैं आज कौन सी नई ग़रीबी देखने को मिलता है. शायद फिर से एक कच्चा घर होगा, घर में एक औरत होगी, जो शायद माँ होगी, खाली बर्तनों की ओर निहार रही होगी, मजबूर बाप आएगा, कांपता हुआ, कि आज फिर कुछ नहीं कमा के ला पाया, एक बेटी होगी जो भूखी होगी परन्तु पिता को हौसला देगी, एक छोटा बेटा होगा जो भूख से तड़प कर रो रहा होगा, उससे छोटा एक और बेटा होगा जिसे भूख का अर्थ नहीं पता, वो माँ के दूध पर जिंदा है, माँ का तो कलेजा सूख चूका है, माँ उसे कैसे बताये कि भूख का मतलब क्या होता है, और न ही वो बच्चा पूछ पाता है कि मेरे भूख का मतलब क्या है?    


शुक्रवार, 2 मई 2014

Articlesss

चुनाव विशेष

विवशता और विश्वास की कसौटी
                                                                                            -    अंकित झा

यहाँ जीतने का मोह नहीं हराने की जिद्द है, इसे हराओ, उसे हराओ, जैसे हो सके वैसे परन्तु हराओ. गढ़ में सेंध लगाओ, साम्राज्य स्वतः ध्वस्त हो जायेगा. जीतने के लिए विश्वास जीतना पड़ता है, परन्तु हारने के लिए सामने वाले की विवशता का मुखौल उड़ाया जाता है,

बरस बीतने को आया है, असंख्य रैलियाँ, अनगिनत सभाएं, और विज्ञापन की भरमार. एक से बढ़कर एक नारे, संकल्प, विचार, विरोध तथा दीवानगी. सबके मन में एक ही विचार, अब की बार मोदी सरकार. 2014 का चुनाव अब चुनाव नहीं रहा है, ये अब महासमर का रूप धारण कर चुकी है, कहाँ कहाँ से संज्ञा उठाये जा रहे हैं, कितने चालाकी से सर्वनामित किया जा रहा है. चुनाव प्रचार का ऐसा खेल शायद ही पहले ही कभी खेला गया हो, मुद्दों को फिर से सम्प्रदाय की भेंट चढ़ा दिया गया है. इस बार विजय जितनी निश्चित लग रही है, उतनी ही अनिश्चित. कौन कह सकता था आज से 5 वर्ष पूर्व कि जिस राहुल गाँधी के यूपी के चुनाव प्रचार को आदर्श प्रचार बताया गया था, आज उसी का मुखौल उड़ेगा. समाज की उदासीनता को कितनी खूबसूरती से अपना ढाल बनाया गया है चुनाव प्रचार मैं. कोई उदासीनता तो कोई वही पुरानी भावनात्मक प्रपंच रच रहा है, कोई अपने पिता के नाम पर वोट मांग रहा है तो कोई किसी शहीद के माता के नाम पर तो कोई किसी के लिए. सम्प्रदाय, जाती, वर्ग फिर से फन काढ़े खड़े हैं, देश का चुनाव बिना इन्हें शामिल किये संपन्न कैसे हो सकता है. यह चुनाव विपक्ष और निष्पक्ष के मध्य है, फिर भी पक्ष की सहभागिता नकारी नहीं जा सकती. पक्ष के पास मुद्दे है कहाँ, उनके पास तो रोने को आपबीती है, उसपर से एक मूक प्रधानमंत्री का वो असहाय साया. जाए भी तो कैसे और कहाँ? नया कोई जगह मिलने से रहा, जो गढ़ हैं, उन्हें बचाया जाये, कुछ भी किया जाए परन्तु लहर को शांत किया जाए, इसके लिए, कहीं भी जाना पड़े, मस्जिद, गुरूद्वारे, कहीं भी. घाव कुरेदे जाएँ, दर्द को वापस बुलाया जाये, मॉडल की बात करते हैं, मॉडल की असलियत दिखाई जाये, हो सकता है, चमत्कार हो जाये. नहीं तो सबसे आसान काम किया जाए, डराया जाए, आसानी से वोट बाँट जायेगा, हमें तो मिलने से रहा, नए खिलाडी ही लूट ले जाएँ, इन्हें तो नुकसान पहुंचे. जितनी बर्बादी हो रही है, उसे रोकने से अच्छा है, इनके माथे मढ़ दिया जाए. कोई भी यहाँ पर इतना साफ़ नहीं है. कुछ विवश हैं तो कुछ अविश्वसनीय. चुनावों में विश्वास का टूटना तो आम बात है, कोई नयी गाथा तो है नहीं. यहाँ जीतने का मोह नहीं हराने की जिद्द है, इसे हराओ, उसे हराओ, जैसे हो सके वैसे परन्तु हराओ. गढ़ में सेंध लगाओ, साम्राज्य स्वतः ध्वस्त हो जायेगा. जीतने के लिए विश्वास जीतना पड़ता है, परन्तु हारने के लिए सामने वाले की विवशता का मुखौल उड़ाया जाता है, नतीजा सामने है.


चुनाव होते ही किसलिए हैं? ताकि देश में पैसों की आंधी को नग्न आँखों से देखा जा सके? चुनाव में प्रतिभागिता किसी युद्ध की तैयारी से कम नहीं, उसपर से जनता के आंसुओं का ख्याल. इस देश में आज तक मुद्दा चुनाव का मुद्दा क्यों नहीं बन पाया समझ में नहीं आता. 65 वर्ष के लोकतंत्र में 65 मुद्दे भी ऐसे नहीं रहे होंगे जिन्हें हथियार बना कर चुनाव लड़ा गया हो. और जिस बार कुछ परिवर्तन के आसार दिखाई देते हैं, उस वर्ष ही बर्बादी की नींव रखी जाती है. इसे क्या कहें कि जिस कुर्सी के लिए इतनी मेहनत की जा रही है, उसी की गरिमा का इतना मुखौल उड़ाया जा चुका है कि आश्चर्य होगा जब नए आने वाले इस पद की गरिमा बचा पाएंगे या नहीं. चुनाव को लेकर कुछ मौलिक प्रश्न उठने तय रहते हैं, कि एक चुनाव क्षेत्र से कितने प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं? क्या इनके लिए कोई शैक्षणिक योग्यता आवश्यक नहीं? जब सरकारी नौकरी के लिए पुलिस वेरिफिकेशन आवश्यक है तो सरकार का हिस्सा बनने के लिए आवश्यक नहीं? कितने प्रतिशत मत पर विजय सुनिश्चित की जाए यह तय क्यों नहीं है? चुनाव में कितना खर्च हो रहा है इसकी देखरेख कौन कर रहा है?” ये कुछ ऐसे प्रश्न हैं जो हर मन में उठते हैं परन्तु उत्तर प्राप्त करने की चेष्टा अब बच नहीं गयी है. क्या यह बात कोई नहीं जानता कि ये राजनेता जो भगवान को भी धोखा देते हैं, वो मनुष्यों के कैसे हो जायेंगे? भूल जाते हैं कि अंततः कोई अपना ही हमारी चिता को मुख्ग्नी देता है, तैयार रहना चैये ऐसे कुछ कटु सत्य को स्वीकार करने के लिए. कोई नहीं खड़ा है इस चुनाव के बाद इन प्रश्नों के कंकाल को उठाने के लिए. प्रणाली से इतने तंग आ चुके हैं हम कि अब हममें इतनी क्षमता नहीं की ऐसे प्रश्न से स्वयम्भुओं को परेशान कर सके. अब निर्मोही कहे या कुछ और परन्तु लोकतंत्र हमारे हाथ से निकल चुका है. बहुत दूर, इतना कि वापस ला पाने में समय लग जायेगा, 16 मई से पहले तो आने से रहा, कोशिश करनी होगी यदि आ सके.


शुक्रवार, 11 अप्रैल 2014

Articless


विवेक और विश्वास के मध्य छिपा चिंतन
                                 -    अंकित झा

उस राह पर चलते रहे जिस पर राहगीर न मिलें,
शायर तो कई मिले पर कबीर न मिलें..

मुझे ज्ञात नहीं कि भारतीय समाज की उदासीनता कब समाप्त होगी? यह उदासीनता विवेक के विवेचना बन जाने का है तथा यह विश्वसनीयता की सबसे बड़ी विडंबना है. अक्सर इस देश के विवेकशील व्यक्तित्व के प्राणी समाज में तर्क-वितर्क के खेल को कुतर्क में बदल देते हैं तथा यह समाज के लिए उदासीनता का एक बड़ा कारण बनती है. विवेक का अर्थ क्या है? विचार-विचारधारा-विश्वास तथा विद्रोह का समागम, विद्रोह समाज में नयी लौ के आरोहन के विरुद्ध. हां, यही कुछ चले आ रहे परम्परावादी घटकों के ऐसे आदि हो चुके हैं कि कब समाज दो धारों में बंट जाता है किसी को पता ही नहीं चलता. महाभारत में पांडवों के विजय को धर्म का पराजय मानने वाले भी बहुत हैं तथा विजय मानने वाले भी, यह निर्भर करता है, विवेक पर, जो हर नयी प्रत्युषा को अपनी पाली बदलता है, हर चाय की चुस्की पर नए तर्क को जन्म देता है, तथा कभी वीभत्स योजनायें बनाता है तो कभी विचारशील चिंतन को जन्म देता है.
कहते हैं समाज व इसकी राजनीती व्यवहार से चलती है, ये व्यवहार कुछ और नहीं बल्कि मनुष्य का मनुष्य पर विश्वास है, मनुष्य का मनुष्यता पर विश्वास है. दिल्ली में परिवर्तन अपने वत्सिमा से उठकर आगे की ओर बढ़ने जा रहा है, गोयाकि यह निर्णय पूर्ण रूप से जनता के द्वारा पारदर्शिता से लिया गया. फिर भी आम आदमी पार्टी का दिल्ली में विजयघोष कसी समाज के व्यावहारिक हार की साक्षी बनी सभी ने देखा. एक नयी धरा को कैसे शातिर राजनीतिक प्रपंचों में घेर कर इसकी साँसें निकलने की कोशिश की जा रही है, सभी देख रहे हैं, कुछ पन्नो के पन्ने खर्च किये जा रहे हैं तो कुछ मौन हैं. मौन रहने वाले ये वही विवेकशील व्यक्ति हैं जो अपने आप को सर्श्रेष्ठ ज्ञाता समझते हैं, इनकी नज़र में देश के सूत्रधार बनने की अद्भुत क्षमता जो इनमे है वो किसी और में नहीं. राजनीतिक समझ जो इनको है वो तो कौटिल्य की भी न थी और न ही वृहस्पति की  है. क्या होगा ऐसे समाज का जहां विरोध विवेक का आश्रय है तथा, विश्वास एक नाज़ुक सी डोर जिस पर उम्मीदें लचक रही हैं, ज्ञात नहीं कब छिटक जाये. भारत में वोट किसके नम्म पर पड़ते हैं व्यक्ति, विवेक या विश्वास? कोई निश्चित उत्तर नहीं है इसका. परन्तु विवेक के नाम पर तो नहीं, एंटी-एस्टाब्लिश्मेंट की बात करने वाले विवेकशील व्यक्ति कभी एस्टाब्लिश्मेंट की खामियों पर नज़र क्यों नहीं दौड़ाते? हमारा देश दो खेलों में सदा से पारंगत रहा है; खो-खो व कबड्डी, एक खेल में जहां अपनी ज़िम्मेदारी दुसरे पर धकेलना पड़ता है वही दुसरे में सामने वाले की टांग खींचना है. इस काम में भरतीय सबसे आगे है, किसी की प्रगति को गले उतारना हमारे खीर की शक्कर नहीं, तथा स्वयं ज़िम्मेदारी उठाना भी. ये वही लोग हैं जो अंग्रेजियत को अंग्रेजी में ही गलियाते हैं, तथा सबवे में बैठकर भारत का अमेरिका के गुलाम होने की बात करते हैं. करबद्ध निवेदन है, जनेऊ पहनकर कर इन हड्डी चूसने वाले विद्वानों से कि विवेक की सार्थकता को कायम रखना है तो विश्वास की नीति का सहारा लेना ही उचित है, जहाँ अहंकार हो जाता है वहाँ धर्म नही बस सकता और जहां धर्म के लिए जगह नही वहाँ प्रगति के असार नहीं होते.